फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईपीएल 2027: मिनी नीलामी से पहले टीमों ने चौंकाया, इन 10 फैसलों ने दिया सरप्राइज; रिटेंशन का क्या रहा गणित?

Wed, 18 Nov 2026 07:05 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आईपीएल 2027 में रिलीज हुए 10 बड़े खिलाड़ी: आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी टीमों के रिटेंशन और रिलीज के फैसलों ने सभी को चौंका दिया है। ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, नीतीश राणा, नेहल वढेरा, दीपक चाहर, आकाश दीप, विग्नेश पुथुर और शिमरॉन हेटमायर जैसे बड़े नामों को लेकर हुए फैसले चर्चा का विषय बने हुए हैं। टीमों ने बजट, प्रदर्शन और भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए अपने स्क्वॉड में बदलाव किए हैं।
विज्ञापन
आईपीएल 2027 - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी के रिटेंशन और रिलीज के फैसलों ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। आगामी सीजन के लिए टीमों ने अपने स्क्वॉड में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है। कई फ्रेंचाइजी ने जहां अपने पुराने खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखा, वहीं कुछ टीमों ने बड़े और अनुभवी नामों को रिलीज कर सभी को हैरान कर दिया। इन फैसलों ने एक बार फिर आईपीएल में खिलाड़ियों की कीमत, टीम की जरूरत और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है। 
विज्ञापन
Trending Videos

ये बड़े नाम हुए रिलीज
सबसे ज्यादा चर्चा उन खिलाड़ियों को लेकर हो रही है, जिनका प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल में काफी प्रभावशाली रहा है। ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान और शिमरॉन हेटमायर जैसे खिलाड़ियों का नाम रिलीज लिस्ट में होना अपने आप में बड़ा सरप्राइज है। इनके अलावा नीतीश राणा, नेहल वढेरा, दीपक चाहर, आकाश दीप और विग्नेश पुथुर को लेकर भी फ्रेंचाइजी के फैसलों ने फैंस को चौंकाया है।

आईपीएल नीलामी - फोटो : IPL/BCCI
कब होगी नीलामी?
आईपीएल 2027 के सीजन की तैयारियां शुरू हो गई है। सभी 10 टीमों ने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके बाद अब इंतजार है आईपीएल की मिनी नीलामी का। आईपीएल 2027 के लिए मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। रिटेन और रिलीज करने के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स के पास सबसे ज्यादा पर्स उपलब्ध है। वहीं, गुजरात टाइटंस के पास नीलामी में सबसे कम राशि होगी। देखना दिलचस्प होगा कि नीलामी में टीमों की रणनीति क्या रहती है। इसके अलावा मिचेल स्टार्क, ट्रेंट बोल्ट, ट्रेविस हेड, मथीशा पथिराना और दीपक चाहर जैसे बड़े नाम रिलीज किए गए हैं। ऐसे में देखना होगा कि इनमें से कितने सितारे नीलामी टेबल पर नजर आते हैं। 

आईपीएल 2027 - फोटो : IPL/ANI/PTI
आइए नजर डालते हैं उन 10 फैसलों पर जिसने चौंकाया है... 

ट्रेविस हेड: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड का नाम रिलीज किए गए खिलाड़ियों में होना चौंकाने वाले फैसलों में शामिल है। हेड अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता किसी भी टीम के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती है। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद ने इस खिलाड़ी को रिलीज करने का फैसला क्यों लिया है। दरअसल, ऐसा माना जा रहा है कि हेड वर्कलोड मैनेजमेंट के लिए अगले सीजन आईपीएल के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, इसलिए सनराइजर्स ने उन्हें रिलीज किया है। 

मिचेल स्टार्क: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का नाम भी हैरान करने वाले फैसलों में शामिल है। दिल्ली ने स्टार्क को रिलीज करने का फैसला किया है। स्टार्क नई गेंद से विकेट लेने के साथ डेथ ओवरों में भी प्रभाव छोड़ने की क्षमता रखते हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के कारण वह टीम के गेंदबाजी आक्रमण में अलग विकल्प देते हैं। स्टार्क का भी अगले सीजन में खेलना तय नहीं है। ऐसे में दिल्ली ने उन्हें रिलीज करना बेहतर समझा। 

ट्रेंट बोल्ट: न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को मुंबई इंडियंस ने रिलीज किया है। बोल्ट पावरप्ले में अपनी स्विंग गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं। आईपीएल में उनका अनुभव किसी भी टीम के लिए उपयोगी हो सकता है। नई गेंद से शुरुआती विकेट दिलाने वाले गेंदबाजों की मांग हमेशा बनी रहती है। ऐसे में नीलामी में बोल्ट पर कई टीमों की नजर रह सकती है।

आवेश खान: भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान को लखनऊ सुपरजाएंट्स ने रिलीज किया है। आवेश आईपीएल में कई टीमों का हिस्सा रह चुके हैं और तेज गेंदबाजी के साथ विकेट लेने की क्षमता रखते हैं। भारतीय तेज गेंदबाज होने के कारण उनकी अहमियत और बढ़ जाती है। टीमों को विदेशी खिलाड़ियों के साथ भारतीय गेंदबाजों का संतुलन भी बनाना होता है। ऐसे में आवेश को लेकर लिया गया फैसला चर्चा का विषय है।

नीतीश राणा: मध्यक्रम के बल्लेबाज नीतीश राणा को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया है। राणा लंबे समय से आईपीएल का हिस्सा रहे हैं। वह जरूरत के मुताबिक आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। उनका अनुभव किसी भी टीम के मध्यक्रम को मजबूती दे सकता है। ऐसे में उन्हें रिलीज करना फ्रेंचाइजी की नई रणनीति का संकेत माना जा सकता है। यह भी देखना दिलचस्प होगा कि नीतीश को दिल्ली नीलामी में दोबारा लेती है या नहीं। 

नेहल वढेरा: पंजाब किंग्स ने युवा भारतीय बल्लेबाज नेहल वढेरा को रिलीज करने का फैसला लिया। उन्होंने आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। वह मध्यक्रम में तेजी से रन बनाने के साथ पारी को संभालने की क्षमता भी रखते हैं। युवा होने के कारण उनमें आगे बेहतर प्रदर्शन करने की संभावनाएं हैं। ऐसे खिलाड़ी को रिलीज करने का फैसला निश्चित तौर पर हैरान करने वाला है।

दीपक चाहर: मुंबई इंडियंस ने भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर को भी रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया। चाहर नई गेंद से स्विंग हासिल करने और शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। हालांकि, फिटनेस और उपलब्धता किसी भी खिलाड़ी को लेकर टीमों की योजना में अहम पहलू होते हैं। फ्रेंचाइजी ने उनके भविष्य को लेकर क्या गणित लगाया, यह देखना दिलचस्प होगा।

आकाश दीप: तेज गेंदबाज आकाश दीप कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में थे, लेकिन नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया है। आकाश दीप भारतीय तेज गेंदबाजी का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह अपनी गति और लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को चुनौती दे सकते हैं। घरेलू क्रिकेट और भारतीय टीम के अनुभव ने उनकी पहचान को मजबूत किया है। भारतीय तेज गेंदबाजों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए उनका नाम भी नीलामी में दिलचस्पी पैदा कर सकता है।

विग्नेश पुथुर: युवा स्पिन गेंदबाज विग्नेश पुथुर को लेकर राजस्थान रॉयल्स फैसला चर्चा में है। आईपीएल जैसे बड़े मंच पर युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। पुथुर के लिए भी नई टीम के साथ जुड़ने और अपनी उपयोगिता साबित करने का अवसर बन सकता है। राजस्थान ने उन्हें रिलीज करके अपनी टीम में बदलाव की गुंजाइश बनाई है।

शिमरॉन हेटमायर: वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर का नाम राजस्थान के रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची में सबसे दिलचस्प फैसलों में से एक है। हेटमायर अपनी पावर हिटिंग के लिए जाने जाते हैं और डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। टी20 क्रिकेट में ऐसे फिनिशर की मांग काफी रहती है। इसलिए उनका नाम नीलामी में आने पर कई टीमों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।
विज्ञापन

आईपीएल रिटेंशन - फोटो : IPL
क्या रहा रिटेंशन का गणित?
आईपीएल में रिटेंशन का फैसला सिर्फ खिलाड़ी के प्रदर्शन के आधार पर नहीं होता। फ्रेंचाइजी को अपने बजट, टीम संयोजन, खिलाड़ियों की उपलब्धता और आने वाले सीजन की जरूरतों को ध्यान में रखकर फैसले लेने पड़ते हैं। मिनी नीलामी से पहले टीमों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने कोर खिलाड़ियों को बरकरार रखने के साथ कमजोर कड़ियों को दूर करना होती है। कई बार बड़े नामों को रिलीज करने के पीछे उनकी कीमत भी एक अहम वजह होती है। फ्रेंचाइजी चाहती हैं कि उनके पास नीलामी के दौरान पर्याप्त पर्स उपलब्ध हो, ताकि जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को खरीदा जा सके। इसके अलावा टीमों को विदेशी और भारतीय खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाना होता है। किसी खिलाड़ी का अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उसे रिलीज किया जाना इसी रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

दूसरी तरफ, युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाने की रणनीति भी टीमों के लिए महत्वपूर्ण हो गई है। फ्रेंचाइजी अब सिर्फ अनुभवी खिलाड़ियों के भरोसे टीम बनाने के बजाय ऐसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका देना चाहती हैं, जो आने वाले वर्षों में टीम के लिए बड़ी भूमिका निभा सकें। इन खिलाड़ियों के नाम नीलामी में आने से फ्रेंचाइजी के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें