पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानना है कि हार्दिक पांड्या के टीम में शामिल होने से आईपीएल 2027 के लिए उनका स्क्वॉड काफी संतुलित हो गया है। पोंटिंग के मुताबिक टीम में अब स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों तरह के ऑलराउंडरों की भरमार है, जिससे पंजाब किंग्स को हर विभाग में मजबूती मिलेगी। हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस से ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है। इस सौदे में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस के पास गए हैं। पंजाब ने हार्दिक को 18 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बनाया है।
पंजाब ने अधिक खिलाड़ियों को क्यों किया रिटेन?
पोंटिंग ने कहा, 'मैं अगले साल होने वाली मेगा नीलामी से पहले इस तीन साल के चक्र में अपनी टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों को साथ बनाए रखने के लिए काफी सचेत रहा हूं। इसी वजह से हमने आईपीएल 2027 से पहले छह खिलाड़ियों को रिलीज करने और 19 खिलाड़ियों को रिटेन करने का फैसला किया है।'
हार्दिक के टीम में आने से ऑलराउंडरों के मजबूत समूह पर बात करते हुए पोंटिंग ने कहा, हमने ट्रेड के जरिए हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल किया है और अर्शदीप सिंह को दूसरी टीम में भेजा है। हमारे पास अब बेहद संतुलित टीम है। हमारी टीम में कितने ऑलराउंडर हैं, इसको लेकर काफी चर्चा भी हो रही है। हार्दिक के साथ मार्को यानसेन, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह और कूपर कोनोली जैसे खिलाड़ी भी टीम में हैं। हमारे पास कई बेहतरीन ऑलराउंडर मौजूद हैं। यह टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडरों से लेकर तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडरों तक, हमने सभी विभागों को कवर किया है।
संगकारा ने हेटमायर को रिलीज करने का कारण बताया
वहीं, राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने शिमरोन हेटमायर को रिलीज करने के फैसले पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि हेटमायर पिछले कुछ समय से बल्लेबाजी क्रम में अपनी भूमिका बदलना चाहते थे। साथ ही नीलामी के लिए पर्याप्त बजट और टीम में जरूरी बदलाव करने की गुंजाइश बनाने के लिए यह फैसला लिया गया। संगकारा ने कहा, हमें हेटमायर को रिलीज करना पड़ा क्योंकि टीम में उस भूमिका को लेकर जगह खाली थी। पिछले डेढ़ साल से हेटमायर की इच्छा अलग बल्लेबाजी क्रम में खेलने की रही है। वह अब भी एक शानदार खिलाड़ी हैं। नीलामी में अपनी जरूरतों के हिसाब से खिलाड़ियों को खरीदने और टीम में लचीलापन बनाए रखने के लिए पर्याप्त पैसा जुटाना जरूरी था। इसलिए यह फैसला लेना पड़ा। हम ऐसा नहीं करना चाहते थे, लेकिन यह हमारे लिए बेहद मुश्किल फैसला था।