फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2026: ये 10 खिलाड़ी जिन पर आईपीएल में रहेगी नजरें, औकिब से लेकर प्रशांत का नाम शामिल; लिस्ट में तीन विदेशी

Thu, 26 Mar 2026 04:46 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आईपीएल 2026 का सीजन शुरू होने जा रहा है और एक बार फिर कुछ नए चेहरों पर नजर रहने वाली है। भारतीय हों या विदेशी खिलाड़ी हर सीजन कुछ ऐसे खिलाड़ी टूर्नामेंट में आते हैं जो अपने प्रदर्शन से ना सिर्फ फ्रेंचाइजी बल्कि पूरे क्रिकेट जगत को प्रभावित कर लेते हैं। आइए जानते हैं इस बार वो कौन से 10 खिलाड़ी हैं जो क्रिकेट जगत का नया सितारा बनकर उभर सकते हैं...
विज्ञापन
आईपीएल 2026 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले सत्र में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरी थी तथा इस टी20 टूर्नामेंट के आगामी सत्र में भी कुछ युवा खिलाड़ी अपना जलवा दिखा सकते हैं। आइए जानते हैं उन 10 खिलाड़ियों के बारे में जो आईपीएल के मौजूदा सीजन में दमदार प्रदर्शन कर क्रिकेट जगह में सितारा बनाकर उभर सकते हैं। इस सूची में उन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं जिन्होंने या तो अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है या अब तक पांच से कम मैच खेले हैं।
विज्ञापन

प्रशांत वीर (चेन्नई सुपर किंग्स):
भारत में ऐसे कई क्रिकेटर हैं जो धीमी गति से बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन अमेठी में जन्मे 20 वर्षीय प्रशांत वीर की तरह रवींद्र जडेजा की जगह भरने की चुनौती का सामना कोई नहीं कर रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने इससे पहले युवा खिलाड़ियों पर इतना अधिक भरोसा कभी नहीं दिखाया था। इस फ्रेंचाइजी ने ट्रायल के दौरान प्रशांत वीर का खेल देखा और इस आधार पर 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ा। प्रशांत वीर ने उम्मीद जगा दी है कि आईपीएल के इस सत्र में वह अपनी विशेष छाप छोड़ सकते हैं।

औकिब नबी (दिल्ली कैपिटल्स):
औकिब नबी की उम्र 29 साल है और उन्हें युवा खिलाड़ी नहीं कहा जा सकता है लेकिन उनके प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी। उनके पास घरेलू क्रिकेट का आठ साल का अच्छा खासा अनुभव है। नबी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम जम्मू कश्मीर को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 60 से अधिक विकेट लिए। उनके लिए आईपीएल काफी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि इससे वह भारतीय टीम में जगह बनाने के दावेदार भी बन जाएंगे।

अशोक शर्मा (गुजरात टाइटंस):
अशोक भारत के सबसे तेज युवा गेंदबाजों में से एक हैं। वह पहले राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला है। इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि इस 23 वर्षीय खिलाड़ी को इस सत्र में गुजरात से खेलने का मौका मिलेगा, क्योंकि उनकी टीम में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ-साथ कगिसो रबादा जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं।

तेजस्वी दहिया (कोलकाता नाइट राइडर्स)
कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर के शिष्य अंगकृष रघुवंशी को बल्लेबाज-विकेटकीपर के रूप में तैयार किया जा रहा है क्योंकि वह पहले ही आईपीएल के कुछ सत्र में खेल चुके हैं। लेकिन दिल्ली के रहने वाले 23 वर्षीय दहिया भी एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें अगर लगातार मौका मिले तो वह अच्छे परिणाम दे सकते हैं। 

नमन तिवारी (लखनऊ सुपर जाएंट्स)
भारत में बाएं हाथ के अच्छे तेज गेंदबाज बहुत कम हैं और 2024 में अंडर-19 विश्व कप में खेलने वाले नमन तिवारी ने ट्रायल के दौरान सभी को प्रभावित किया है। यह 20 वर्षीय खिलाड़ी नियमित रूप से 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करता है। उन्होंने 2024 में यूपी टी20 लीग में नोएडा किंग्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था और जरूरत पड़ने पर वह एक उपयोगी विकल्प हो सकते हैं।

अल्लाह गजनफर (मुंबई इंडियंस)
अगर आईपीएल के प्रशंसक किसी एक गेंदबाज को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो वह निश्चित रूप से 20 वर्षीय गजनफर हैं, जो अफगानिस्तान के मिस्ट्री स्पिनरों में नया नाम हैं। गजनफर को पिछले सत्र में केकेआर के लिए खेलना था, लेकिन उन्होंने खेलने से मना कर दिया था। इस सत्र में मुंबई के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने उन्हें चार विदेशी खिलाड़ियों में से एक के रूप में इस्तेमाल करने पर विचार कर सकते हैं।

मिचेल ओवेन (पंजाब किंग्स)
पिछले सत्र में ओवेन को एक मैच में केवल दो गेंदों का सामना करने का मौका मिला, लेकिन इस बार तस्मानिया का यह खिलाड़ी होबार्ट हरिकेंस की तरफ से शानदार प्रदर्शन करके यहां पहुंच रहा है। उन्होंने बिग बैश लीग के 36 मैचों में 187 का स्ट्राइक रेट और अपने करियर के 75 टी20 मैचों में 180 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

रवि सिंह (राजस्थान रॉयल्स)
रवि सिंह घरेलू स्तर पर अपनी क्षमता दिखा चुके हैं। उन्होंने पिछले साल एसएमएटी में अपनी टीम के लिए 173 के स्ट्राइक रेट से 218 रन बनाए थे। विदर्भ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी 38 गेंदों में खेली गई 68 रन की पारी निस्संदेह सबसे यादगार रही। विदर्भ के गेंदबाजी आक्रमण में आईपीएल खिलाड़ी यश ठाकुर, हर्ष दुबे और दर्शन नालकंडे शामिल थे। इस पारी के चलते उन्हें राजस्थान रॉयल्स से 95 लाख रुपये का करार मिला।

जेकब बेथेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)
इस 22 वर्षीय खिलाड़ी को पिछले सत्र में जिन दो मैचों में खेलने का मौका मिला था, उनमें से एक में उन्होंने अर्धशतक बनाया था। इस बार बेथेल को अधिक मैच खेलने का मौका मिलना तय है क्योंकि वह वानखेड़े में भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में शानदार शतक लगाने के बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं।
विज्ञापन

शिवांग कुमार (सनराइजर्स हैदराबाद)
मध्य प्रदेश के 23 वर्षीय खिलाड़ी शिवांग बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं, जो उन्हें एक दुर्लभ प्रतिभा बनाता है। भारतीय टीम में कुलदीप यादव ऐसे गेंदबाज हैं। कुलदीप हालांकि क्रीज तक पहुंचने के लिए कोणीय रन-अप लेते हैं, शिवांग का रन-अप अधिक पारंपरिक और सीधा होता है। यह देखना बाकी है कि सनराइजर्स के मुख्य कोच डेनियल वेटोरी प्लेइंग-11 में उनके लिए कोई जगह बना पाते हैं या नहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें