सार
वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सभी को चौंका दिया और आक्रामक अंदाज में 14 गेंदों पर 39 रन बनाए। हालांकि, उनकी तूफानी पारी को शार्दुल ठाकुर ने खत्म किया, लेकिन उन्होंने मैच की शुरुआत में ही मुकाबले का रुख बदल दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मैच में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सभी को चौंका दिया। राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया यह मुकाबला बारिश के कारण 11-11 ओवर का कर दिया गया था। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर राजस्थान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।
छक्के से किया बुमराह का स्वागत
मैच से पहले बुमराह और सूर्यवंशी के बीच की भिड़ंत को काफी अहम माना जा रहा था, लेकिन 15 साल के युवा बल्लेबाज ने बिल्कुल भी दबाव नहीं दिखाया। जैसे ही बुमराह पारी का दूसरा ओवर लेकर आए, सूर्यवंशी ने पहली ही गेंद पर लंबा शॉट खेलते हुए लॉन्ग ऑन के ऊपर छक्का जड़ दिया। बुमराह की गेंद थोड़ी फुल टॉस जैसी रही, जिसका फायदा उठाकर सूर्यवंशी ने शानदार अंदाज में उसे बाउंड्री के पार पहुंचा दिया।
एक ओवर में बुमराह के खिलाफ जड़े दो छक्के
इस आक्रामक शुरुआत ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों पर तुरंत दबाव बना दिया। आमतौर पर अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए मशहूर बुमराह इस अप्रत्याशित हमले से थोड़े हैरान नजर आए। हालांकि, उन्होंने संयम बनाए रखा और मुस्कुराते हुए अपने रन-अप पर लौट गए। सूर्यवंशी यहीं नहीं रुके। उसी ओवर में उन्होंने बुमराह की एक और गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस बार गेंद थोड़ी शॉर्ट और लेग साइड पर थी, जिसे उन्होंने पुल शॉट खेलते हुए स्क्वायर लेग के ऊपर स्टैंड्स में पहुंचा दिया।
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : IANS
39 रनों की तूफानी पारी खेलकर लौटे सूर्यवंशी
इसके बाद यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर सूर्यवंशी ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। पहले ओवर में जायसवाल ने 22 रन बनाए, जबकि बुमराह के ओवर में 14 रन आए और ट्रेंट बोल्ट के ओवर में 22 रन बने। हालांकि, सूर्यवंशी की तूफानी पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें आउट कर मुंबई को पहली सफलता दिलाई। सूर्यवंशी ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच शानदार छक्के शामिल थे।
प्रशंसकों की प्रतिक्रिया
युवा बल्लेबाज की इस निडर और विस्फोटक पारी ने मैच का रुख शुरुआत में ही बदल दिया और दर्शकों को रोमांच से भर दिया। अब सोशल मीडिया पर प्रशंसक बुमराह और सूर्यवंशी की इस भिड़ंत पर मजेदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आइये देखते हैं...