पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में दो मुकाबलों का प्रतिबंध झेल रहे पाकिस्तानी बल्लेबाज फखर जमां ने उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें कहा जा रहा था कि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, क्योंकि फखर अमेरिका में बसने पर विचार कर रहे हैं। फखर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में 29 मार्च को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान बॉल टैंपरिंग के आरोपों के चलते दो मैचों का बैन झेल रहे हैं। उन्होंने मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया था। मैच रेफरी ने उनकी सफाई को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीसीबी की तीन सदस्यों वाली एक समिति ने सुनवाई के बाद उन पर लगे बैन को बरकरार रखा।
टी20 से संन्यास लेकर अमेरिका शिफ्ट होंगे फखर?
सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें और दावे किए जा रहे थे कि फखर जमां ने अपने परिवार को अमेरिका भेज दिया है और वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। वह फिटनेस से जुड़ी समस्याओं, खासकर हार्मोनल समस्याओं से भी जूझ रहे हैं, जिनकी वजह से उन्हें बार-बार चोटें लगती रहती हैं। क्रिकेटर के करीबी सूत्रों ने मंगलवार को 'टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट' को बताया, 'फखर संन्यास नहीं ले रहे हैं, और न ही वह पाकिस्तान छोड़ रहे हैं। उन्होंने यह बात पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और चयन समिति को बता दी है।'