फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2026: डगआउट में फोन का इस्तेमाल पड़ा भारी, राजस्थान के मैनेजर पर लगा जुर्माना; बीसीसीआई ने दी चेतावनी

Fri, 17 Apr 2026 06:28 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

डगआउट में फोन इस्तेमाल करने के मामले में राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर जुर्माना लगाया गया है। बीसीसीआई ने उन्हें भविष्य में यह गलती न दोहराने की चेतावनी भी दी है।
विज्ञापन
रोमी भिंडर और वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उन्हें आधिकारिक चेतावनी दी गई है। यह कार्रवाई 10 अप्रैल को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ आईपीएल 2026 के मैच के दौरान डगआउट के अंदर मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के लिए की गई है। 
विज्ञापन

एसीएसयू ने मांगा था भिंडर से जवाब
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने मैच के दौरान डिवाइस के इस्तेमाल को लेकर भिंडर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और अगले 48 घंटों के भीतर उनसे जवाब मांगा था। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) भिंडर की सफाई से संतुष्ट नहीं थी, जिसके चलते उन पर जुर्माना लगाया गया और इस उल्लंघन के लिए उन्हें चेतावनी दी गई।

आईपीएल में विवाद - फोटो : X
क्या बोले सैकिया?
देवजीत सैकिया ने 'आईएएनएस' को बताया, 'यह उल्लंघन राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच में हुआ था, जहां गुवाहाटी में हमारी भ्रष्टाचार-रोधी इकाई ने इस उल्लंघन पर संज्ञान लिया और 12 अप्रैल को उन्हें स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया। उन्हें जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था, क्योंकि रोमी भिंडर को डगआउट क्षेत्र में अपना मोबाइल ले जाते हुए देखा गया था। वह अपने हाथ में मोबाइल रख सकते हैं, लेकिन उसे डगआउट क्षेत्र में नहीं ले जा सकते। इसी कारण उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया और रोमी भिंडर ने निर्धारित 48 घंटों के भीतर जवाब दिया। भ्रष्टाचार-रोधी इकाई ने उनके जवाब की जांच की और उसे संतोषजनक नहीं पाया।'

उन्होंने आगे कहा, 'इस बात को ध्यान में रखते हुए कि यह पहली बार है जब उन्होंने आईपीएल पीएमओए प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है, भ्रष्टाचार-रोधी इकाई ने उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला किया। इसके साथ ही उन्हें भविष्य में आईपीएल पीएमओए प्रोटोकॉल के इस तरह के उल्लंघन या नियम तोड़ने की पुनरावृत्ति न करने की चेतावनी भी दी गई।'
विज्ञापन

बाकियों के लिए सबक होगा: सैकिया
आईपीएल की वेबसाइट पर उपलब्ध पीएमओए (खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र) दिशानिर्देशों के अनुसार, "टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में नहीं।" भिंडर 2008 में लीग की शुरुआत से ही राजस्थान रॉयल्स से जुड़े हुए हैं और 15 साल के सूर्यवंशी के स्थानीय अभिभावक के तौर पर भी काम करते हैं। 2016 और 2017 में राजस्थान रॉयल्स पर लगे बैन के दौरान भिंडर राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के साथ थे। देवजीत सैकिया ने कहा, 'बीसीसीआई की तरफ से मैं बस इतना ही कह सकता हूं और हमें उम्मीद है कि यह आईपीएल से जुड़े बाकी सभी लोगों के लिए एक सबक होगा, ताकि वे नियमों का सख्ती से पालन करें और आईपीएल पीएमओए प्रोटोकॉल को मानें।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें