आरसीबी के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में केकेआर के मनीष पांडे ने एक हाथ से शानदार कैच पकड़कर सभी को हैरान कर दिया। विराट कोहली तक इस कैच को देखकर दंग रह गए। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो काफी तेजी से वायरल है। आइये देखते हैं...
आईपीएल 2026 में रविवार की रात रायपुर के मैदान पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे प्रशंसक लंबे समय तक याद रखने वाले हैं। भले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे ने अपने एक अविश्वसनीय कैच से मैच की सारी लाइमलाइट लूट ली।
जब हवा में उड़े मनीष पांडे...
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में मनीष पांडे ने एक ऐसा सुपरमैन कैच लपका कि विराट कोहली, कार्तिक त्यागी और खुद केकेआर के खिलाड़ी तक कुछ सेकंड के लिए यकीन नहीं कर पाए कि गेंद सच में हाथों में समा चुकी है। यह शानदार पल आरसीबी की पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर आया।
कार्तिक त्यागी ने ऑफ स्टंप के बाहर तेज शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर टिम डेविड ने जोरदार कट शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद तेजी से बैकवर्ड पॉइंट की ओर गई और ऐसा लगा कि आसानी से बाउंड्री पार कर जाएगी। लेकिन तभी मनीष पांडे बिजली जैसी फुर्ती से अपनी बाईं ओर दौड़े, हवा में पूरी तरह डाइव लगाई और एक हाथ से गेंद को जमीन से कुछ इंच ऊपर लपक लिया। पूरा स्टेडियम कुछ पल के लिए सन्न रह गया।
विराट कोहली भी रह गए दंग
कैच पूरा होते ही कार्तिक त्यागी ने हैरानी में अपने सिर पर हाथ रख लिया। टिम डेविड खुद कुछ सेकंड तक समझ ही नहीं पाए कि वो आउट हो चुके हैं। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े विराट कोहली के चेहरे का रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कोहली मुंह खुला छोड़ बस रिप्ले देखते रह गए। केकेआर के खिलाड़ी भी जश्न मनाने से पहले यह देखने दौड़े कि कैच सच में पूरा हुआ या नहीं।
रिप्ले देखकर और बढ़ा रोमांच!
टीवी रिप्ले में यह कैच और भी ज्यादा अविश्वसनीय लगा। जिस गति से गेंद बल्ले से निकली थी और जिस एंगल पर पांडे ने डाइव लगाई, वहां कैच पकड़ना लगभग नामुमकिन नजर आ रहा था। लेकिन मनीष पांडे ने अपने हाथ से गेंद को जिस तरह कंट्रोल किया, उसने इसे आईपीएल 2026 के बेस्ट कैच की रेस में सबसे ऊपर ला खड़ा किया।
मैच में क्या हुआ?
विराट कोहली की तूफानी शतकीय पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। बुधवार को रायपुर में बारिश के कारण लगभग एक घंटे से ज्यादा समय की देरी से शुरू हुए आईपीएल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 194 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस दौरान विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का नौवां शतक पूरा किया। वह 105 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी ने तीन विकेट लिए जबकि सुनील नरेन को एक सफलता मिली।