लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत आईपीएल 2026 में अपनी रणनीति में बदलाव करने जा रहे हैं। पंत 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के 19वें सीजन में तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे। पंत इस दौरान एक बार फिर लखनऊ फ्रेंचाइजी की कमान संभालेंगे। लखनऊ ने 2025 के लिए हुई बड़ी नीलामी में पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन पिछला सीजन टीम और पंत दोनों के लिए कुछ खास नहीं रहा था।
पंत के सामने कड़ी प्रतिस्पर्धा
पिछले साल की निराशा को पीछे छोड़ते हुए पंत एक सफल सीजन की ओर देख रहे हैं। इसी के तहत उन्होंने शीर्ष क्रम पर उतरने का फैसला किया है। ऐसा सिर्फ आईपीएल के लिए नहीं किया जा रहा, बल्कि इस विकेटकीपर बल्लेबाज का ध्यान भारतीय टी20 टीम में वापसी पर लगा हुआ है। पंत खेल के तीनों प्रारूप में से केवल भारतीय टेस्ट टीम के ही अभिन्न सदस्य हैं, जबकि वनडे में वह केएल राहुल के बैकअप विकेटकीपर हैं। इस 28 वर्षीय खिलाड़ी ने 2024 में भारत की विश्व कप जीत के बाद टी20 टीम में अपनी जगह गंवा दी थी। संजू सैमसन और ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए टीम में वापसी करने के लिए उन्हें कुछ खास प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से टीम में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
किस तरह बदलेगा लखनऊ का बल्लेबाजी संयोजन
- पंत के लिए आईपीएल का आगामी सत्र काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें वह अपनी कीमत को जायज ठहराने के अलावा खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की भी कोशिश करेंगे।
- पंत ने पिछले सत्र में अधिकतर समय चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी, लेकिन तब वह आखिर के कुछ मैचों में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे थे।
- उस समय तक हालांकि लखनऊ की वापसी की संभावना समाप्त हो गई थी।
- पंत के तीसरे नंबर पर उतरने का मतलब होगा कि निकोलस पूरन को बल्लेबाजी क्रम में नीचे आना पड़ेगा।
- एलएसजी की टीम अभी लखनऊ में अपने घरेलू मैदान पर अभ्यास कर रही है। उसका पहला मैच एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा।
- मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और उनके सहयोगी स्टाफ अपने कप्तान के बल्लेबाजी क्रम को लेकर एकमत हैं।
- आईपीएल सूत्रों के अनुसार, टीम प्रबंधन और पंत दोनों इस बात से सहमत हैं कि उनके लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना उपयुक्त होगा। इस साल उनके शीर्ष क्रम में एडेन मारर्कम, मिचेल मार्श और पंत शामिल होंगे।
पिछले सीजन निराशाजनक रहा था स्ट्राइक रेट
पंत ने पिछले साल 133.17 के निराशाजनक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और उन्होंने केवल 269 रन बनाए जिसमें नाबाद 118 रन की एक पारी भी शामिल है। लखनऊ की टीम के मध्य क्रम में पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद और शाहबाज अहमद शामिल हैं। पिछले सत्र में लखनऊ की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी रही थी क्योंकि मयंक यादव और मोहसिन खान जैसे तेज गेंदबाज चोटों के कारण उपलब्ध नहीं थे। अन्य तेज गेंदबाजी विकल्पों में आवेश खान और एनरिच नॉर्त्जे शामिल थे।