रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के साथ ही आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत हो गई है। सनराइजर्स के लिए इस मैच में ईशान किशन कप्तानी कर रहे हैं क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस अभी चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं। ईशान टीम के दूसरे युवा कप्तान हैं। उन्होंने 27 साल 253 दिन की उम्र में कमान संभाली है।
विलियमसन से पीछे हैं ईशान
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए केन विलियमसन सबसे युवा कप्तान हैं। विलियमसन ने 2018 में 27 साल 244 दिन की उम्र में टीम की कमान संभाली थी। ईशान के लिए कप्तानी करना नया नहीं है क्योंकि उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में झारखंड की कमान संभाली थी। ईशान की अगुआई में ही झारखंड ने इस सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था।
दूसरी बार सीजन का ओपनिंग मैच खेल रही सनराइजर्स
आरसीबी आईपीएल इतिहास में सातवीं बार किसी सीजन का पहला मैच खेल रही है, जबकि 2017 के बाद यह दूसरा मौका है जब सनराइजर्स ने उद्घाटन मैच खेला है। गत चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के साथ आईपीएल के नए सत्र का आगाज हो चुका है। इस मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस मुकाबले में आरसीबी ने जैकब डफी और अभिनंदन सिंह को मौका दिया है। दोनों ने आज आईपीएल में डेब्यू किया।
इतने मैचों बाद मिली कप्तानी
ईशान किशन 119 आईपीएल मैच खेलने के बाद इस टूर्नामेंट में कप्तानी कर रहे हैं। वह छठे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने के बाद टीम की कमान संभाली है। इस सूची में शीर्ष पर रवींद्र जडेजा हैं जिन्होंने 200 आईपीएल मैचों के बाद टीम की कप्तानी की थी। वहीं, मनीष पांडे 153 मैच, अक्षर पटेल 148 मैच, कीरोन पोलार्ड 137 मैच और सूर्यकुमार यादव 126 मैच खेलने के बाद कप्तान बने थे।
ईशान बोले- कमिंस की कमी खलेगी
टॉस के दौरान ईशान ने कहा, विकेट फ्रेश नजर आ रहा है इसलिए यह मायने नहीं रखता कि टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है या गेंदबाजी कर रही है। टीम चीजों को सामान्य रखने का प्रयास करेगी और योजनाओं को अच्छे से अमल में लाने का प्रयास करेगी। पैट कमिंस की कमी खलेगी। सलील अरोड़ा इस मैच का हिस्सा होंगे।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट सब: देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।
इम्पैक्ट सब: शिवांग कुमार, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड पायने, स्मरण रविचंद्रन, साकिब हुसैन।