रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम आईपीएल में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के सपने को पूरा करने के लिए रविवार को मैदान में उतरेगी। उसके सामने गुजरात टाइटंस की कड़ी चुनौती होगी, जिससे इस मुकाबले में दो अलग-अलग खेल शैलियों की टक्कर देखने को मिलेगी। आरसीबी ने अपने आक्रामक और बेखौफ अंदाज से टूर्नामेंट में दबदबा कायम किया है, तो वहीं टाइटंस ने धैर्य और संयमित खेल से प्रभावित करते हुए पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल का टिकट पक्का किया है।
लगातार दूसरी बार अहमदाबाद करेगा मेजबानी
- अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम लगातार दूसरी बार आईपीएल 2026 के फाइनल मैच की मेजबानी करेगा।
- इससे पहले 2025 में भी इसी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला गया था जहां आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था।
- अब एक बार फिर आरसीबी इसी मैदान पर खिताब का बचाव करने उतरेगी।
- दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के पास होम ग्राउंड पर खिताब जीतने का मौका रहेगा।
गुजरात बनाम आरसीबी
- फोटो : IANS
बेखौफ अंदाज में खेल रही है आरसीबी
पहले क्वालिफायर में आरसीबी ने बेखौफ अंदाज से टाइटंस को शिकस्त दी थी। पिच की स्थिति या विरोधी गेंदबाजी रणनीति का भी उनके इस आक्रामक रवैये पर बहुत कम असर पड़ा है और इस सत्र में कोई अन्य टीम उतनी बार 200 से अधिक रन नहीं बना सकी है जितनी बार आरसीबी ने बनाए हैं। कप्तान रजत पाटीदार की शांत और संतुलित नेतृत्व शैली ने भी पिछले दो सत्रों में टीम को स्थिरता दी है। वह पूर्व कप्तानों विराट कोहली या फाफ डुप्लेसिस जितने भावनात्मक रूप से मुखर नहीं हैं, लेकिन उनके फैसलों में आत्मविश्वास झलकता है, जिससे टीम के अनुभवी और युवा खिलाड़ी दोनों सहज महसूस करते हैं।
क्या है पिच रिपोर्ट?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 फाइनल के लिए पिच रिपोर्ट बल्लेबाजों के अनुकूल रहने की उम्मीद है। यह स्टेडियम सामान्यतः बल्लेबाजों के मददगार विकेट के लिए जाना जाता है। लाल मिट्टी वाली पिच पर गेंद बल्ले पर अच्छी बाउंस और सटीक स्पीड के साथ आती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए आसानी हो जाती है। इस स्टेडियम में औसत पहली पारी का स्कोर 160-180 के आसपास रहता है, जबकि 170+ या 180+ का टोटल प्रतिस्पर्धी माना जाता है। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ मूवमेंट और बाउंस मिल सकता है, जबकि स्पिनर्स को मध्य ओवरों में बड़े बाउंड्री के कारण कुछ मदद मिलती है। लेकिन कुल मिलाकर यह हाई स्कोरिंग मैच हो सकता है। शाम के मैच में ओस का थोड़ा असर हो सकता है, जिससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है। फाइनल के लिए भी इसी तरह की पिच की उम्मीद है, जहां दोनों टीमों के पास बड़ा स्कोर बनाने का मौका रहेगा।
बारिश में धुला फाइनल तो किसे फायदा
- आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया था।
- अच्छी बात यह रही कि क्वालिफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 में बारिश ने बाधा नहीं डाली।
- फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है, यानी अगर रविवार को बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है तो ये सोमवार को खेला जाएगा।
- रिजर्व डे वाले दिन भी अगर बारिश ने खलल डाली और मैच नहीं हुआ तो फिर आरसीबी चैंपियन बनेगी क्योंकि वह अंक तालिका में शीर्ष पर थी, जबकि गुजरात दूसरे स्थान पर रहा था।
क्या कहता है मौसम विभाग का पूर्वानुमान
क्रिकेट फैंस के लिए राहत की बात यह है कि अहमदाबाद में रविवार को बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अहमदाबाद में मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहेगी और शाम को नमी रहने का अनुमान है। लेकिन अच्छी बात यह है कि बारिश की संभावना बिलकुल भी नहीं है। ऐसे में रविवार को फैंस पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।