समीर रिजवी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। दिल्ली ने इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने समीर रिजवी के 90 रन की पारी के दम पर 18.1 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर अपने नाम किया। समीर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे थे और उन्होंने लगातार दूसरे मैच में प्रभाव छोड़ा।
शतक से चूके रिजवी
समीर ने इस मैच में दमदार बल्लेबाजी की और डेविड मिलर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने जल्द ही दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दिल्ली ने रिजवी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा। रिजवी ने पहले पाथुम निसांका के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े और फिर मिलर के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। समीर हालांकि, शतक पूरा नहीं कर सके और 51 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली के लिए निसांका ने 44 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर 21 रन बनाकर नाबाद रहे और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद तीन रन बनाए। मुंबई के लिए दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कॉर्बिन बॉश को एक-एक सफलता मिली।
इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर चमके रिजवी
रिजवी आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलते हुए आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड जोस बटलर के नाम है। बटलर ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नाबाद 107 रन बनाए थे।
दिल्ली शीर्ष पर पहुंची
मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज करने के साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। दिल्ली के दो मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हो गए हैं। इतने ही अंक पंजाब किंग्स के भी है, लेकिन दिल्ली का नेट रन रेट पंजाब से बेहतर है जिस कारण वह शीर्ष पर है।
हार्दिक मैच से रहे बाहर
मुंबई के लिए इस मैच में हार्दिक पांड्या नहीं खेले। स्टैंड इन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि हार्दिक की तबीयत ठीक नहीं है जिस कारण वह इस मैच का हिस्सा नहीं थे। दिल्ली ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया, जबकि मुंबई की टीम में दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और मिचेल सैंटनर की वापसी हुई।
मुकेश ने दिए शुरुआती झटके
इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में टीम को दो झटके दिए। मुकेश ने पहले रेयान रिकेल्टन को आउट किया जो नौ रन बनाकर आउट हुए और फिर तिलक वर्मा को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। इस तरह मुंबई ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाए।
सूर्यकुमार-रोहित ने संभाला
शुरुआती झटके लगने के बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मुंबई की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने पहली गेंद पर ही चौके से खाता खोला, लेकिन दिल्ली के गेंदबाज इसके बाद रनगति पर अंकुश लगाने में सफल रहे। रोहित ने निगम के खिलाफ, तो वहीं सूर्यकुमार ने अक्षर के खिलाफ छक्के लगाकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की। रोहित एक और करारा प्रहार करने की कोशिश में अक्षर की गेंद पर कवर क्षेत्र में नीतिश राणा द्वारा शानदार तरीके से लपके गए। अक्षर ने आईपीएल में रोहित के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को मजबूत करते हुए 11 पारियों में उन्हें चौथी बार आउट किया। रोहित 26 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
सूर्यकुमार का बल्ला चला
नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या के अस्वस्थ होने के कारण टीम का नेतृत्व कर रहे सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। रोहित के आउट होने के बाद सूर्यकुमार ने नमन धीर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 37 रनों की अहम साझेदारी की। सूर्यकुमार और नमन ने कुलदीप के खिलाफ एक-एक छक्का लगाया, जिससे 15वें ओवर में मुंबई ने 17 रन बटोरे। सूर्यकुमार यादव ने एनगिडी के खिलाफ दो रन चुराकर अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। मुंबई के लिए नमन धीर ने 28 रन बनाए, जबकि मिचेल सैंटनर नाबाद 18 और कॉर्बिन बॉश 11 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की ओर से मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए। वहीं, लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल, विपरज निगम और टी. नटराजन को एक-एक सफलता मिली।