आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद मुंबई, लखनऊ और कोलकाता अगले सीजन कप्तानी में बदलाव कर सकती हैं। दिग्गजों के मुताबिक हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत और अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पर संकट मंडरा रहा है।
आईपीएल का 19वां सीजन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। प्लेऑफ की तीन टीमें लगभग तय हो चुकी हैं, जबकि चौथे स्थान के लिए रोमांचक मुकाबला जारी है। दूसरी ओर, कई बड़ी टीमें इस बार उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं। ऐसे में अगले सीजन को लेकर टीम प्रबंधन कप्तानी में बड़े बदलाव कर सकते हैं। इसी मुद्दे पर रायुडू और मिचेल मैक्लेनाघन ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो के एक कार्यक्रम में अपनी राय रखी। दोनों दिग्गजों का मानना है कि अगले सीजन कुछ फ्रेंचाइजी नए कप्तान के साथ उतर सकती हैं।
विज्ञापन
हार्दिक पांड्या
- फोटो : ANI
मुंबई इंडियंस में हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर संकट
मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम ने 13 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत दर्ज की, जबकि नौ मैचों में हार का सामना करना पड़ा। टीम फिलहाल अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। खराब प्रदर्शन के बाद ऐसी चर्चाएं तेज हैं कि मुंबई प्रबंधन अगले सीजन कप्तानी में बदलाव कर सकता है। इस सीजन टीम ने हार्दिक के अलावा जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव को भी नेतृत्व की जिम्मेदारी दी थी। ऐसे में अगले सीजन नया कप्तान देखने को मिल सकता है।
ऋषभ पंत
- फोटो : PTI
ऋषभ पंत से छिन सकती है लखनऊ की कमान
लखनऊ सुपर जाएंट्स का प्रदर्शन भी इस सीजन बेहद खराब रहा। ऋषभ पंत की अगुवाई में टीम ने 13 मैचों में केवल चार जीत हासिल की, जबकि नौ मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी। लखनऊ की टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर बनी हुई है। रिपोर्ट्स और क्रिकेट विशेषज्ञों की मानें तो अगले सीजन टीम प्रबंधन कप्तानी में बदलाव कर सकता है। दिग्गजों का मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
अजिंक्य रहाणे
- फोटो : PTI
केकेआर में भी बदल सकता है कप्तान
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी आलोचनाओं के घेरे में हैं। इस सीजन वह न तो बल्लेबाजी में ज्यादा प्रभाव छोड़ सके और न ही कप्तानी में टीम को लगातार सफलता दिला पाए। हालांकि, केकेआर अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन उसकी राह बेहद मुश्किल नजर आ रही है। टीम फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहती है, तो अगले सीजन फ्रेंचाइजी नए कप्तान पर दांव लगा सकती है।
आईपीएल 2026 के सभी कप्तान
- फोटो : IPL/BCCI
अगले सीजन कई टीमों में दिख सकते हैं बड़े बदलाव
आईपीएल के हर सीजन के बाद टीमों में बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं। इस बार खराब प्रदर्शन करने वाली फ्रेंचाइजी कप्तानी में बदलाव कर नई रणनीति के साथ उतर सकती हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अगले सीजन कौन-सी टीम किस नए कप्तान के साथ मैदान में उतरती है।