राजस्थान रॉयल्स की टीम का प्रदर्शन भले ही अच्छा रहा है, लेकिन टीम के कप्तान रियान पराग की फॉर्म ने फ्रेंचाइजी की चिंता बढ़ा दी है। रियान की कप्तानी अच्छी नहीं है, लेकिन वह अब तक खेले सात मैचों में कुल 100 रन भी नहीं बना सके हैं। रियान सात मुकाबलों में 13 के औसत और 117 के स्ट्राइक से सिर्फ 81 रन ही बना पाए हैं। उनका प्रदर्शन इतना खराब रहा है कि रियान एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं।
रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं रियान
रियान पराग आईपीएल 2026 में रनों के लिए बुरी तरह से संघर्ष कर रहे हैं। इस सीजन उनके बल्ले से एक अर्धशतक तक नहीं निकला है और उनका सर्वाधिक स्कोर अब तक 20 रन रहा है। आमतौर पर चौके-छक्के लगाने के लिए मशहूर रियान सात मुकाबलों के बाद सिर्फ छह चौके और पांच छक्के ही लगा सके हैं। बुधवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी रियान 19 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 20 रन ही बना सके थे।
क्या कप्तानी का दबाव नहीं झेल पा रहे रियान?
रियान इस सीजन अभी तक नंबर चार और पांच के स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आए हैं। हालांकि, रियान उस कदर खुलकर खेलते हुए दिखाई नहीं दिए हैं, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। अपनी आक्रामक शैली से मैच का रुख पलटने वाले रियान पराग आईपीएल 2026 में पारी को बुनने का प्रयास करते हुए नजर आए हैं, लेकिन यह अंदाज उनकी बल्लेबाजी को सूट नहीं कर रहा है। कप्तानी का दबाव भी कुछ हद तक उनकी बल्लेबाजी में साफतौर पर दिख रहा है। रियान की खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के सस्ते में आउट होने के बाद टीम की पारी को संभालने की जिम्मेदारी रियान के कंधों पर है, लेकिन वह अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं।
आईपीएल 2026 में रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने अब तक खेले सात मुकाबलों में से पांच में जीत दर्ज की है, जबकि दो मुकाबलों में ही राजस्थान रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा है। रियान ने अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल बखूबी अंदाज में किया है। लखनऊ के खिलाफ आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में राजस्थान के गेंदबाज 160 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में सफल रहे थे। गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलएसजी की पूरी टीम को 119 रनों पर समेट दिया था।