आईपीएल 2025 की शुरुआत में ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 22 मार्च से टूर्नामेंट का आगाज होगा। चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 23 मार्च से मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इससे पहले सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उस वक्त को याद किया जब धोनी ने आईपीएल 2024 की शुरुआत से पहले उन्हें टीम की कप्तानी सौंप दी थी।
धोनी ने सौंपी थी गायकवाड़ को जिम्मेदारी
पांच बार की विजेता टीम के कप्तान ऋतुराज ने जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम पावर-प्ले में बात करते हुए बताया कि धोनी उनके पास आए और जानकारी दी कि वह आईपीएल 2024 में टीम की अगुआई नहीं करेंगे। उनकी जगह गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया।
युवा बल्लेबाज ने कहा- पिछले साल टूर्नामेंट से ठीक एक सप्ताह पहले एमएस धोनी मेरे पास आए और कहा, मैं इस साल कप्तानी नहीं कर रहा हूं, आप कर रहे हैं। मैं हैरान रह गया और पूछा, पहले गेम से? क्या आपको यकीन है? तैयारी के लिए बस कुछ ही दिन थे, यह बहुत भारी था।
धोनी ने जताया था ऋतुराज पर भरोसा
ऋतुराज ने कहा कि धोनी ने उन्हें आश्वस्त किया और कहा कि मैदान पर अपने फैसले खुद लें। मौजूदा कप्तान ने बताया कि धोनी ने उनसे कहा था कि वह तभी उनकी मदद करेंगे जब उन्हें लगेगा कि फील्ड प्लेसमेंट 50-50 है। ऋतुराज ने कहा कि धोनी का भरोसा उनके लिए बहुत मायने रखता है।
ऋतुराज ने कहा- लेकिन उन्होंने मुझे आश्वस्त किया यह आपकी टीम है। आप अपने फैसले खुद लें। मैं तब तक हस्तक्षेप नहीं करूंगा जब तक कि फील्ड प्लेसमेंट 50-50 कॉल न हो। तब भी, मेरी सलाह का पालन करना कोई मजबूरी नहीं है। उस भरोसे का मेरे लिए बहुत मतलब था।