आईपीएल 2025 में गुजरात टाइंटस ने बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को उसके घर पर हरा दिया। इस जीत में बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके। मैच के दौरान साई किशोर ने कैरम बॉल से क्रुणाल पांड्या को चौंका भी दिया था। अब साई किशोर ने खुलासा किया है कि कैरम बॉल से बल्लेबाजों को गच्चा देने के लिए तैयार हैं जिस पर वह पिछले तीन-चार वर्षो से काम कर रहे थे।
इस 28 वर्षीय स्पिनर ने मैच के बाद खुलासा किया कि वह पिछले कुछ सत्र से कैरम बॉल पर काम कर रहे थे लेकिन उन्होंने किसी भी तरह के मैच में अभी तक इसका उपयोग नहीं किया था। किशोर ने कहा, 'टी20 क्रिकेट में प्रासंगिक बने रहने के लिए आपको हमेशा अपने खेल में कुछ नया जोड़ना होगा। मैं पिछले तीन-चार वर्षो से इसका अभ्यास कर रहा था लेकिन मैंने कहीं भी इसका उपयोग नहीं किया था। मैं आईपीएल में इसका उपयोग करने को लेकर आश्वस्त था और मैंने खुद पर भरोसा बनाए रखा।'
वहीं, साई सुदर्शन ने भी साई किशोर की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि किशोर हमेशा चुतराई से बल्लेबाजों को चकमा देने की कोशिश करते हैं और यही उन्हें मैच में घातक बनाए रखती है। साई किशोर इस सीजन काफी किफायती साबित हुए हैं। उन्होंने अब तक तीन मैचों में छह विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.42 का रहा है।
आरसीबी और जीटी के बीच मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 169 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात ने 17.5 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आरसीबी की टीम एक समय 42 रन पर चार विकेट गंवा चुका थी, लेकिन लिविंगस्टोन ने 40 गेंद में पांच छक्कों और एक चौके से 54 रन की पारी खेलने के अलावा जितेश शर्मा (33) के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 और टिम डेविड (32) के साथ सातवें विकेट के लिए 46 रन जोड़कर आरसीबी का स्कोर आठ विकेट पर 169 रन तक पहुंचाया।
इसके जवाब में टाइटंस ने जोस बटलर की 39 गेंद में छह छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 73 रन की पारी के अलावा सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (49 रन) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 75 और शेरफेन रदरफोर्ड (18 गेंद में नाबाद 30 रन, तीन छक्के-एक चौका) के साथ तीसरे विकेट की 63 रन की अटूट साझेदारी से 17.5 ओवर में दो विकेट पर 170 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। आरसीबी का अगला मैच सात अप्रैल को मुंबई इंडियंस से वानखेड़े में है। वहीं, गुजरात की टीम अपने अगले मैच में छह अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स का सामना करेगी।