शुभमन गिल से हाथ मिलाते वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : IPL/BCCI
बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने सोमवार को ऐतिहासिक पारी खेलकर सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने महज 35 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
वैभव ने जताई खुशी
मुकाबले के बाद बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी ताबड़तोड़ पारी पर बात की। उन्होंने कहा- 'यह बहुत अच्छा अहसास है। यह आईपीएल में मेरा पहला शतक है और यह मेरी तीसरी पारी है। टूर्नामेंट से पहले अभ्यास के बाद यहां परिणाम दिखा है। मैं बस गेंद देखता हूं और खेलता हूं।'
आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
वैभव की उम्र 14 साल 32 दिन है, लेकिन उन्होंने यूसुफ पठान का 15 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। 2010 में यूसुफ पठान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 35 गेंदों पर शतक लगाया था और वह इस टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय थे। उनका यह रिकॉर्ड अब 2025 में टूटा है। यानी वैभव का जब जन्म भी नहीं हुआ था, उस वक्त यूसुफ ने यह कारनामा किया था और अब बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने अपनी उम्र से भी ज्यादा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ओवरऑल आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों पर शतक लगाया था।
'मेरा सपना पूरा हुआ'
मैच के बाद वैभव ने अपने साथी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि आईपीएल में शतक लगाने का उनका सपना पूरा हो गया। उन्होंने कहा- 'जायसवाल के साथ बल्लेबाजी करना अच्छा है, वह मुझे बताते हैं कि क्या करना है और वह सकारात्मक चीजों को शामिल करते हैं। आईपीएल में शतक बनाना मेरा सपना रहा है और आज यह सच हो गया। कोई डर नहीं है। मैं ज्यादा नहीं सोचता, मैं सिर्फ खेलने पर ध्यान केंद्रित करता हूं।'
यशस्वी के साथ की राजस्थान के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
गुजरात ने राजस्थान के सामने जीत के लिए 210 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन वैभव और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान को तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने वैभव को आउट कर तोड़ा। यह राजस्थान के लिए किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। वैभव और यशस्वी ने इस मामले में जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल को पीछे छोड़ा जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2022 में 155 रनों की साझेदारी की थी।
मैच में क्या हुआ?
वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार शतकीय पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को आठ विकेट से हरा दिया। सोमवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 47वें मैच में गुजरात ने शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 15.5 में दो विकेट खोकर 212 रन बनाए और 25 गेंदों के शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसी के साथ राजस्थान ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी बरकरार रखा है। राजस्थान ने इस मुकाबले को जीतने के साथ-साथ बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। टीम ने टी20 में सबसे तेजी से हासिल किया 200+ का लक्ष्य हासिल कर लिया।