आईपीएल के 18वें सत्र का 47वां मैच आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में गुजरात ने अफगानिस्तान के युवा गेंदबाज करीम जनत को डेब्यू का मौका दिया है। करीम आज अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करेंगे। उन्हें राशिद खान ने डेब्यू कैप सौंपी। करीम आईपीएल में खेलने वाले 10वें अफगानी खिलाड़ी बन गए। गुजरात ने उन्हें आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 75 लाख रुपये में खरीदा था।
आईपीएल खेलने वाले 10वें अफगानी
आईपीएल में अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को भरपूर मौके मिलते हैं। करीम जनत इस टूर्नामेंट में खेलने वाले 10वें अफगानी खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले राशिद खान, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, नूर अहमद, गुलबदीन नायब और नवीन-उल-हक आईपीएल में डेब्यू कर चुके हैं।
करीम का करियर
26 वर्षीय करीम अफगानिस्तान के लिए तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 67 टी20 मैचों में 8.19 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की है और 42 विकेट चटकाए हैं। इस प्रारूप में वह चार अर्धशतकों की मदद से 691 रन भी बना चुके हैं। वहीं, तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों में उन्हें अभी तक कोई विकेट नहीं मिला है। दोनों में उन्होंने क्रमश: 32 और 95 रन बनाए हैं। करीम के नाम 161 टी20 मैचों में 118 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने दो शतक और नौ अर्धशतकों की मदद से 2494 रन भी बनाए हैं।
राजस्थान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। महीश तीक्षणा और युद्धवीर सिंह को क्रमश: फजलहक फारूकी और तुषार देशपांडे की जगह शामिल किया गया है। वहीं, गुजरात के लिए आज करीम जनत आईपीएल में डेब्यू कर रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, करीम जनत, राशिद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: ईशांत शर्मा, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत, अरशद खान, दसुन शनाका।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षणा, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: शुभम दुबे, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, तुषार देशपांडे, कुणाल सिंह राठौड़।