दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रोहित शर्मा और धोनी अपनी-अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए जोर लगाएंगे।
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने चेन्नई के खिलाफ मुकाबले से पहले अपनी टीम को महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उनका मानना है कि जब सामने माही हों तब हर कदम फूंक-फूंक कर रखना पड़ता है। बता दें कि, रविवार को दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रोहित शर्मा और धोनी अपनी-अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए जोर लगाएंगे।
धोनी को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी
इस मैच से पहले हिटमैन ने स्टार स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में महेंद्र सिंह धोनी पर बात की। उनसे पूछा गया कि उन्हें कैसा लगता है जब वह उस टीम के खिलाफ जीत दर्ज करते हैं जिसके कप्तान थाला हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा कि धोनी की अगुआई वाली सीएसके के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करते समय आप प्रतिद्वंद्वी के रूप में कभी भी आराम नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि वह कभी भी कप्तानी करते समय मैच नहीं छोड़ते हैं।
'वह आसानी से मैच हाथ से निकलने नहीं देते'
रोहित ने कहा- उन्होंने काफी कप्तानी की है। इतने मैच जीते हैं, तो एक विपक्षी टीम होने के नाते आप आराम से नहीं बैठ सकते। आपको पता है, भले ही आपकी टीम अंक तालिका में उनसे ऊपर हो, पर जब सामने एमएसडी हों, तो वहां अचानक एक अलग कदम हो सकता है, जिसके कारण आप प्रेशर के अंदर घिरे हुए दिख सकते हैं। वह आसानी से गेम को अपने हाथ से नहीं जाने देते, मैच फिसलने नहीं देते। वहां पर आपको कुछ करना होता है। आपको 20 ओवर अपने पैरों पर खड़ा रहना पड़ता है और 20 ओवर फील्डिंग में भी सतर्क रहना होता है, तब जाकर आप गेम जीत पाएंगे।
फॉर्म के आधार पर मुंबई का पलड़ा भारी
चेन्नई के खिलाफ सत्र का पहला मैच गंवाने के बावजूद मौजूद फॉर्म के आधार पर मुंबई का पलड़ा भारी है। रोहित शर्मा ने अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बनाया है, लेकिन सनराइजर्स के खिलाफ उनकी तेज शुरुआत ने टीम को बिना किसी दबाव के लक्ष्य का पीछा करने की आजादी दी। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी है लेकिन रियान रिक्लेटन ने शीर्ष क्रम में अच्छा योगदान दिया है। अनुभवी जसप्रीत बुमराह की वापसी से मुंबई की गेंदबाजी मजबूत हुई है। ट्रेंट बोल्ट भी अपने पुराने अंदाज में दिख रहे है। हार्दिक ने गेंदबाज और बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका अच्छी तरह निभाई है, लेकिन आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए वह नमन धीर पर निर्भर रहेंगे।