भारत के टी20 कप्तान सूर्यकमार यादव ने वैभव की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'इस युवा खिलाड़ी की इस धमाकेदार पारी को देखा। बिल्कुल पागलपन।' वहीं, भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने लिखा, 'जब आप 14 साल के थे तो क्या कर रहे थे? क्या शानदार बल्लेबाजी थी वैभव सूर्यवंशी!' भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने लिखा, 'एक युवा भारतीय क्रिकेटर द्वारा अवास्तविक क्रिकेट। वैभव सूर्यवंशी को लॉन्च कर दिया गया है।'
हरभजन सिंह ने भी वैभव के लिए पोस्ट किया और लिखा, 'सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी! नौजवान, आपको और शक्ति मिले।' इसी के साथ उन्होंने नजर न लगने वाला इमोजी भी बनाया। वहीं, अपने समय के दिग्गज बल्लेबाज रहे के श्रीकांत ने लिखा, '14 साल की उम्र में ज्यादातर बच्चे सपने देखते हैं और आइसक्रीम खाते हैं। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल ट्रॉफी के मजबूत दावेदारों में से एक (GT) के खिलाफ शानदार शतक लगाया! अपनी उम्र से कहीं ज्यादा संयम, क्लास और हिम्मत। हम एक चमत्कार का उदय देख रहे हैं। भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार यहां है!' राजनेताओं की ओर से भी वैभव को लेकर प्रतिक्रियाएं आईं। कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने लिखा, 'वैभव सूर्यवंशी अविश्वसनीय हैं! इस 14 वर्षीय असाधारण प्रतिभा की अच्छी तरीके से देखभाल की जानी चाहिए। वह अगले 20 वर्षों तक अच्छा खेल सकते हैं!'
आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
35 गेंद पर शतक लगाने वाले वैभव की उम्र 14 साल 32 दिन है और उन्होंने इस लीग में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय के मामले में यूसुफ पठान का 15 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2010 में यूसुफ पठान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंदों पर शतक लगाया था और वह इस टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय थे। उनका यह रिकॉर्ड अब 2025 में टूटा है। यानी वैभव का जब जन्म भी नहीं हुआ था, उस वक्त यूसुफ ने यह कारनामा किया था और अब बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने अपनी उम्र से भी ज्यादा पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। ओवरऑल आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों पर शतक लगाया था।