आरसीबी ने रचा इतिहास
आरसीबी की यह घर से बाहर सातवीं जीत है। इसी के साथ इस टीम ने इतिहास रच दिया है। आरसीबी ऐसा करने वाली आईपीएल की पहली टीम बन गई। सत्र की शुरुआत में आरसीबी ने गत विजेता कोलकाता को उनके घर में हराया था। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स को चेन्नई, मुंबई इंडियंस को मुंबई, राजस्थान रॉयल्स को जयपुर, पंजाब किंग्स को न्यू चंडीगढ़ और दिल्ली कैपिटल्स को दिल्ली में हराया था।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: विराट कोहली ने रचा इतिहास, टी20 में 9000 रनों का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज; वॉर्नर को पछाड़ा
आरसीबी और पंजाब के बीच खेला जाएगा क्वालिफायर-1
आईपीएल 2025 में यह लीग चरण का आखिरी मुकाबला था, जिसे आरसीबी ने जीत लिया। 2016 के बाद पहली बार टीम ने लीग चरण का समापन शीर्ष-दो में रहकर किया है। आईपीएल इतिहास में अब तक तीन बार आरसीबी शीर्ष-दो में रही है। इस सत्र से पहले 2016 और 2011 में टीम शीर्ष-दो में रही थी। लखनऊ पर जीत के साथ आरसीबी 19 अंक और 0.301 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची। वहीं, लखनऊ 14 मैचों में छह जीत और आठ हार के साथ 12 अंक लेकर सातवें स्थान पर रही। अब आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स से क्वालिफायर-1 में होगा। श्रेयस अय्यर की टीम ने सोमवार को मुंबई पर शानदार जीत दर्ज की थी। वहीं, मुंबई और गुजरात के बीच इस सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें: Rishabh Pant: ये नहीं देखा तो क्या देखा! ऋषभ पंत ने अनोखे अंदाज में मनाया शतक का जश्न; वीडियो हुआ वायरल
पंत का शतक
इससे पहले, लखनऊ की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। उन्हें पहला झटका 25 के स्कोर पर लगा था। मैथ्यू ब्रीतजके को नुवान तुषारा ने बोल्ड किया। वह 14 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, तीसरे नंबर पर आए कप्तान ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श के साथ 152 रनों की विशाल साझेदारी निभाई। इस दौरान मार्श ने 37 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 67 रन बनाए। वहीं, ऋषभ पंत ने फॉर्म में वापसी की और 54 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक पूरा किया। वह 61 गेंदों में 11 चौके और आठ छक्के की मदद 118 रन बनाकर नाबाद रहे। बेंगलुरु के खिलाफ पूरन ने 13 और अब्दुल समद एक रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, आरसीबी के लिए नुवान तुषारा, भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: 2018 के बाद आया पंत के बल्ले से शतक, लखनऊ के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज; फॉर्म में वापसी