लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत ने मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। उन्होंने दमदार पारी के साथ खराब फॉर्म को भी पीछे छोड़ दिया। शतक के बाद पंत ने जिस तरह से जश्न मनाया वह अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
लखनऊ के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने पंत
लखनऊ की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। यह उनका आखिरी लीग मुकाबला है। इस मैच में ऋषभ पंत ने कप्तानी पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। वह 61 गेंदों में 11 चौके और आठ छक्के की मदद से 118 रन बनाकर नाबाद रहे। पंत ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक महज 54 गेंदों में पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 63 गेंदों में 128 रनों की नाबाद पारी खेली थी। पंत आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
पंत ने की फॉर्म में वापसी
शतकीय पारी के साथ पंत ने फॉर्म में वापसी कर ली है। इससे पहले उन्हें विकेट पर संघर्ष करते देखा गया था। 14 मैचों की 13 पारियों में उनके नाम अब 269 रन दर्ज हो गए हैं। इस टूर्नामेंट के बाद उन्हें इंग्लैंड का दौरा करना है। इस दौरान भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए पंत को उपकप्तान बनाया गया है।
खास अंदाज में मनाया जश्न
शतकीय पारी के बाद पंत ने खास अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने मैदान पर गुलाटी मारकर जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। लखनऊ ने उन्हें 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था। लेकिन पूरे सीजन उनका बल्ला खामोश रहा था, जिसकी वजह से उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अब पंत ने शानदार शतक जड़कर आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।