आईपीएल 2025 में शीर्ष-दो की जंग रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। सोमवार को पंजाब किंग्स ने लीग स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराकर क्वालिफायर-1 में प्रवेश किया। अब सभी को दूसरी टीम का इंतजार है, जिसका फैसला मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच मैच से होगा। इस मैच में अगर आरसीबी जीतती है तो वह शीर्ष-दो में रहकर लीग चरण का समापन करेगी। वहीं, अगर आरसीबी को शिकस्त मिलती है तो उन्हें मुंबई के खिलाफ एलिमिनेटर मैच खेलना होगा।
आरसीबी
- फोटो : ANI
दिनेश कार्तिक ने दी टीम को ये सलाह
लखनऊ के खिलाफ मैच से पहले आरसीबी के बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने टीम को किसी भी सूरत में जीत दर्ज करने की सलाह दी। उन्होंने कहा- शीर्ष दो में रहना बहुत महत्वपूर्ण है। हम यही चाहते थे, इसलिए हम इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अलग-अलग समय पर हमारे पास अलग-अलग लक्ष्य थे, लेकिन कहीं न कहीं कुछ खेलों से पहले हमने फैसला किया कि हम शीर्ष दो में पहुंचने की कोशिश करेंगे और हम इसे हासिल करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
राशिद खान और शुभमन गिल
- फोटो : ANI
गुजरात का भाग्य लखनऊ पर निर्भर
आरसीबी की टीम अंक तालिका में फिलहाल 17 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। अगर आरसीबी यह मुकाबला जीत जाती है तो उसके 14 मैचों में 19 अंक हो जाएंगे और वह गुजरात से आगे हो जाएगी। गुजरात के 14 मैचों में नौ जीत से 18 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर बनी हुई है। आरसीबी की हार गुजरात को दूसरे स्थान पर बरकरार रखेगी, जबकि आरसीबी जीती तो वह 2016 के बाद पहली बार शीर्ष दो में जगह बनाने में सफल रहेगी। गुजरात को अगर शीर्ष दो में रहकर फिनिश करना है तो उसे प्रार्थना करनी होगी कि लखनऊ इस मैच में आरसीबी को हरा दे। अगर ऐसा हुआ तो पंजाब का सामना क्वालिफायर-1 में गुजरात से होगा, जबकि एलिमिनेटर में मुंबई की भिड़ंत आरसीबी से होगी। मालूम हो कि आईपीएल में अंक तालिका में शीर्ष दो पर रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलते हैं।
आरसीबी का प्रदर्शन इस सीजन काफी अच्छा रहा है और टीम अपने पहले खिताब की तलाश में है। आरसीबी की टीम अगर लखनऊ के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करती है तो वह नेट रेन रेट के आधार पर पंजाब को पीछे छोड़कर शीर्ष पर रह सकती है। हालांकि, शीर्ष दो में पहुंचने के लिए उसे महज जीत की जरूरत है। लखनऊ के पास इस मुकाबले में खोने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन वह आरसीबी की राह का रोड़ा जरूर बन सकती है।