फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL: नौ खिलाड़ी जो 2008 से हैं लीग का हिस्सा, 18वें सत्र में भी आएंगे नजर; लिस्ट में दो चौंकाने वाले नाम

Sat, 22 Mar 2025 05:21 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हम यहां आपको नौ ऐसे खिलाड़ियों के विषय में बताएंगे जो आईपीएल के पहले संस्करण में नजर आए थे और अब भी लीग का हिस्सा हैं। आइये जानते हैं...
विज्ञापन
स्वप्निल सिंह-मनीष पांडे-रविचंद्रन अश्विन-महेंद्र सिंह धोनी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2025 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। आज इस लीग के 18वें सत्र का आगाज होगा, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गज एक-दूसरे के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2008 में हुई थी। तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह लीग इस कदर तरक्की करेगी और खिलाड़ियों के लिए भारतीय टीम में प्रवेश का द्वार बनेगी। हम यहां आपको नौ ऐसे खिलाड़ियों के विषय में बताएंगे जो आईपीएल के पहले संस्करण में नजर आए थे और अब भी लीग का हिस्सा हैं। आइये जानते हैं...
विज्ञापन

धोनी - फोटो : ANI
महेंद्र सिंह धोनी
आईपीएल की शुरुआत से ही धोनी चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। उन्होंने टीम को पांच बार आईपीएल का खिताब जिताया है। सीएसके ने पहला खिताब 2010 में जीता था। इसके बाद 2011 में भी टीम चैंपियन बनीं। फिर उसे अपने तीसरी ट्रॉफी के लिए छह साल इंतजार करना पड़ा और 2018 में विजेता बनीं। इसके बाद टीम ने 2021 और 2023 में टाइटल अपने नाम किया। धोनी ने 2024 से पहले कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था और ऋतुराज गायकवाड़ को जिम्मेदारी सौंपी। माही ने अब तक खेले  264 मैचों में 137.53 के स्ट्राइक रेट से 5243 रन बनाए हैं। 2016 और 2017 में सीएसके पर लगे प्रतिबंध के कारण धोनी राइजिंग पुणे जाएंट्स में शामिल हो गए थे। इसके बाद एक बार फिर उन्होंने सीएसके का दामन थामा और आज तक टीम का हिस्सा हैं।

ये भी पढ़ें: IPL 2025 Opening Ceremony Live: कुछ ही देर में होगा आईपीएल 2025 का रंगारंग आगाज, कोलकाता में बारिश का साया

विराट कोहली - फोटो : ANI
विराट कोहली
इस लिस्ट में दूसरा नाम दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का है, जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा हैं। साल 2008 में आरसीबी के साथ शुरू हुआ उनका यह सफर अभी तक जारी है। भले ही कोहली अपनी टीम को आज तक एक भी आईपीएल खिताब नहीं जिता पाए, लेकिन वह आज भी इस टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर हैं। उनके नाम 8004 रन दर्ज हैं।

रोहित शर्मा - फोटो : ANI
रोहित शर्मा
रोहित ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत डेक्कन चार्जर्स के साथ की थी। 2009 में आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम का वह हिस्सा थे। इस टीम के लिए उन्होंने 2008, 2009 और 2010 में खेला। इसके बाद हिटमैन 2011 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए और अब तक इसी टीम में बने हुए हैं। 2013 में उनके नेतृत्व में मुंबई ने अपना पहला खिताब जीता था। धोनी की तरह रोहित भी अपनी टीम को पांच बार विजेता बना चुके हैं। उन्होंने 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस को खिताब दिलाया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस लीग में खेले 257 मैचों में 6628 रन बनाए हैं।

मनीष पांडे - फोटो : ANI
मनीष पांडे
दाएं हाथ के बल्लेबाज मनीष पांडे भी आईपीएल के पहले संस्करण से ही खेलते आ रहे हैं। उनका सफर 2008 में मुंबई से शुरू हुआ था, अगले सीजन में वह आरसीबी का हिस्सा बन गए और 2009-2010 तक वह इस टीम का हिस्सा रहे। 2011, 2012 और 2013 में उन्हें पुणे वॉरियर्स के लिए खेलते देखा गया था। इसके बाद मनीष केकेआर में शामिल हो गए। उन्होंने 2014 के फाइनल में 94 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह 2017 तक केकेआर का ही हिस्सा रहे, इसके बाद 2018-2022 तक वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले। 2023 में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने चुना लेकिन 2024 संस्करण की शुरुआत से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया। वह एक बार फिर पिछले सीजन में केकेआर का हिस्सा बने। अब वह एक बार फिर इसी टीम के लिए आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। मनीष ने अबतक खेले 171 मैचों में 3850 रन बनाए हैं।

वेंकटेशन अय्यर और अजिंक्य रहाणे - फोटो : KolkataKnightRiders Twitter
अजिंक्य रहाणे
कोलकाता नाइट राइडर्स के मौजूदा कप्तान अजिंक्य रहाणे इस बार अपनी टीम को खिताब जिताने के लिए जोर लगाते नजर आएंहे। वह इससे पहले मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं। वह 2023 में खिताब जीतने वाली सीएसके का हिस्सा रहे थे। रहाणे ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद केकेआर की कप्तानी हासिल की है। वह 185 मैचों में 4642 रन बना चुके हैं। 

रवींद्र जडेजा - फोटो : ANI
रवींद्र जडेजा
स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन उन्होंने आईपीएल में खेलना जारी रखा हुआ है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में राजस्थान रॉयल्स के साथ की थी। इसके बाद वह कोची टस्कर्स केरला, और गुजरात लायंस में शामिल हुए। उन्हें पहली बार 2012 में सीएसके के स्क्वॉड में शामिल किया गया था। 2015 तक वह इस टीम का हिस्सा रहे, इसके बाद 2016 में उन्हें गुजरात ने खरीद लिया। 2018 में एक बार फिर जडेजा की चेन्नई में वापसी हुई और तब से अब तक वह इस टीम का हिस्सा हैं। 240 मुकाबलों में उनके नाम 2959 रन और 160 विकेट दर्ज हैं।

इशांत शर्मा - फोटो : ANI
इशांत शर्मा
टेस्ट में अपनी घातक गेंदबाजी से लोहा मनवाने वाले इशांत टी20 में कुछ खास सफलता हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, वह आईपीएल में प्रभावित नहीं कर पाए और यह साथ 2010 में समाप्त हो गया। इसके बाद वह डेक्कन चार्जर्स (2011-2012), सनराइजर्स हैदराबाद (2013-2015), राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स (2016), किंग्स इलेवन पंजाब (2017), दिल्ली कैपिटल्स (2019-2024) के लिए खेले। अब वह गुजरात जाएंट्स का हिस्सा हैं और इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। उन्होंने 110 मैचों में 92 विकेट अपने नाम किए हैं।

ये भी पढ़ें: आईपीएल की हर टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट

स्वप्निल सिंह - फोटो : ANI
स्वप्निल सिंह
उत्तर प्रदेश के बरेली में जन्मे स्वप्निल सिंह ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ 2008 में की थी। इसके बाद उन्हें सात साल तक किसी भी टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला। किंग्स इलेवन पंजाब ने दो संस्करणों के लिए उन्हें चुना और रिलीज कर दिया। इसके बाद 2023 में स्वप्निल लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए खेले, लेकिन अगले संस्करण से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया। पिछले सीजन में धीमी गति के गेंदबाज को आरसीबी का सहारा मिला और अब एक बार फिर वह इस टीम की तर फ से खेलते नजर आएंगे। 14 मैचों में उन्होंने सात विकेट हासिल किए हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें