बुमराह जनवरी 2025 से प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेल सके हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम मैच में खेले थे। हालांकि, उन्होंने सिर्फ पहली पारी में गेंदबाजी की थी इसके बाद वह आगे नहीं खेल सके थे। आकाश दीप भी पिछले साल बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान चोटिल हुए थे। उन्हें पीठ में चोट आई थी। दिसंबर से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है।
मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी में अभी और वक्त लग सकता है। उन्होंने अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सलेंस (सीओई) की तरफ से पूरी तरह फिट नहीं घोषित किया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें बुमराह नेट्स पर गेंदबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, लखनऊ सुपर जाएंट्स के तेज गेंदबाज आकाश दीप जल्द ही टीम से जुड़ सकते हैं।
कब होगी बुमराह और आकाश दीप की वापसी?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह पूरी तरह फिट हैं लेकिन बीसीसीआई की मेडिकल टीम का मानना है कि तेज गेंदबाज के वर्कलोड में वृद्धि उनके लिए खतरे की घंटी साबित हो सकती है। इसलिए फिलहाल उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सलेंस (सीओई) में ही रहने की सलाह दी गई है। अप्रैल के मध्य तक वह वापसी कर सकते हैं। इसके अलावा ईएसपीएनक्रिकइनफो की रिपोर्ट में बताया गया है कि तेज गेंदबाज आकाश दीप बुधवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स से जुड़ सकते हैं। वह शुक्रवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में खेलते नजर आ सकते हैं।
सूत्र का बयान
बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने बुमराह की हेल्थ पर बात करते हुए कहा- बुमराह की चोट थोड़ी गंभीर है। मेडिकल टीम यह सुनिश्चित करना चाहती है कि उन्हें स्ट्रेस फ्रैक्चर न हो। बुमराह खुद भी सावधानी बरत रहे हैं। वह सीओई में गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन पूरी तरह से फिट होने में उन्हें अधिक समय लग सकता है। अभी तक कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि वह अप्रैल के मध्य तक फिट हो जाएंगे।
जनवरी से बाहर हैं बुमराह
बुमराह जनवरी 2025 से प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेल सके हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम मैच में खेले थे। हालांकि, उन्होंने सिर्फ पहली पारी में गेंदबाजी की थी इसके बाद वह आगे नहीं खेल सके थे। बुमराह को शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी चुना गया था, लेकिन बाद में उनकी जगह हर्षित राणा को मौका दिया गया। बुमराह आईपीएल के 18वें सीजन के लिए अब तक मुंबई टीम से नहीं जुड़े हैं, लेकिन उनके गेंदबाजी शुरू करने बाद उम्मीद लगी है कि वह जल्द ही मैदान पर वापस लौट सकते हैं।
मुंबई के खिलाफ मैच में लखनऊ के लिए डेब्यू कर सकते हैं आकाश दीप
आकाश दीप भी पिछले साल बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान चोटिल हुए थे। उन्हें पीठ में चोट आई थी। दिसंबर से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। अब खबर आई है कि चार अप्रैल को लखनऊ में मुंबई के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में वह खेलते नजर आ सकते हैं। आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने उन्बें आठ करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले 28 वर्षीय गेंदबाज आरसीबी का हिस्सा थे। उन्होंने इस टीम के लिए आठ मैचों में कुल सात विकेट हासिल किए हैं।