पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने पंजाब किंग्स की आईपीएल फाइनल में हार का जिम्मेदार कप्तान श्रेयस अय्यर को ठहराया है। उनका मानना है कि स्टार बल्लेबाज ने जो शॉट खेला है वह किसी अपराध से कम नहीं था। बता दें कि, मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पंजाब किंग्स को आईपीएल 2025 के फाइनल मुकाबले में छह रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। यह उनकी पहली आईपीएल ट्रॉफी है।
श्रेयस के गलत शॉट चयन पर भड़के योगराज
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर सिर्फ एक रन बना पाए थे। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। योगराज सिंह ने बुधवार को इस विषय में बात करते हुए कहा- 'श्रेयस अय्यर ने फाइनल में जो शॉट खेला, वह मेरे हिसाब से एक अपराध था। अशोक मांकड़ ने मुझे इस अपराध के बारे में बताया, जो धारा 302 के तहत आता है। उन्होंने मुझे यह भी बताया कि इसका नतीजा यह होगा कि आपको दो मैचों के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। श्रेयस ने कल जो किया वह स्वीकार्य नहीं है। इसके लिए कोई माफी नहीं है।'
आरसीबी ने जीता पहला खिताब
आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया। आखिरकार विराट कोहली भी चैंपियन बन गए। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं।
पंजाब की पारी
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने 43 रन की साझेदारी निभाई। प्रियांश 24 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर आउट हुए। फिर प्रभसिमरन सिंह 22 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर का बल्ला फाइनल में नहीं चला। वह एक रन बनाकर आउट हुए। जोश इंग्लिस ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन 23 गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नेहल वढेरा 15 रन और मार्कस स्टोइनिस छह रन बनाकर आउट हुए। अजमतुल्लाह ओमरजई एक रन बना सके। शशांक ने 30 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 61 रन की पारी खेली, लेकिन यह जीत के लिए काफी नहीं था। बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, यश दयाल, जोश हेजलवुड और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला।