आईपीएल को आज एक नया चैंपियन मिलेगा। आईपीएल 2025 का फाइनल आज पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें 2008 से आईपीएल में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं, लेकिन अभी तक एक भी बार खिताब नहीं जीत पाई हैं। यह 2009, 2011 और 2016 के बाद आरसीबी का चौथा फाइनल है, जबकि पंजाब 2014 के बाद अपने दूसरे आईपीएल खिताबी मुकाबले में है। इस बार जो भी जीतेगा, यह लंबे इंतजार का अंत होगा। मैच से पहले पंजाब किंग्स के पूर्व कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने आईपीएल 2025 के संभावित विजेता की भविष्यवाणी की है। हालांकि, उनका जवाब सुनकर आपको हंसी आ जाएगी।
सहवाग ने क्या कहा?
सहवाग ने क्रिकबज से कहा, 'मुझे लगता है कि आरसीबी जीतेगी। मैं अपने पुराने फॉर्म में वापस चला गया हूं क्योंकि मैंने देखा है कि जिस टीम का मैं समर्थन करता हूं वह हारती है। चाहे वह मुंबई के खिलाफ मैच में गुजरात हो या आरसीबी के खिलाफ क्वालिफायर-1 में पंजाब किंग्स। मैंने क्वालिफायर-2 में पंजाब के खिलाफ मुंबई का समर्थन किया, लेकिन मुंबई की टीम भी हार गई।'
RCB का समर्थन कर रहे सहवाग
शो के होस्ट गौरव कपूर ने फिर पूछा, 'मैंने पूछा कि आपको क्या लगता है कि कौन जीतेगा। अब मैं आपसे पूछ रहा हूं, आप किसका समर्थन कर रहे हैं?' सहवाग ने जवाब देते हुए कहा, 'रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु'। उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम के साथ भी यही मामला है। जब मैंने खुलकर उनका समर्थन किया तो वे वह मैच हार गए।'
पाटीदार ने कोहली फैक्टर पर बात की
अगर आरसीबी आईपीएल 2025 का खिताब जीतती है, तो यह विराट कोहली के लिए एक खास अवसर होगा। भारत के स्टार बल्लेबाज ने अपने करियर के 18 साल रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिए हैं, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाए। इस सीजन पहली बार कप्तान बने रजत पाटीदार ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी देश के दिग्गज क्रिकेटरों में से एक विराट के लिए प्रतिष्ठित आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहते हैं।
'सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे'
वहीं, पाटीदार ने कहा, 'बेशक। मुझे लगता है कि उन्होंने आरसीबी और अंतरराष्ट्रीय टीम को भी काफी साल दिए हैं। हम खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।' पाटीदार से जब पूछा गया कि आरसीबी की टीम प्रतियोगिता की सबसे प्रभावशाली टीमों में से एक है तो क्या सिर्फ एक खिलाड़ी पर ध्यान देना निराशाजनक है? इस पर उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह मेरे लिए निराशाजनक नहीं है। हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे। हम यहां मंच के लिए नहीं खेल रहे हैं। मैं हमेशा चीजों को सरल रखना पसंद करता हूं।'
आरसीबी को मिला है गजब का समर्थन
आरसीबी के लिए निश्चित तौर पर कोहली फैक्टर रहा है। घर से बाहर खेलते हुए टीम को कोहली की वजह से दर्शकों का भारी समर्थन मिला है। पाटीदार ने भी यह स्वीकार किया कि इससे उन्हें अपने घरेलू मैदान पर होने का एहसास होता है। उन्होंने कहा, 'हम जहां भी जाते हैं, हमें लगता है कि यह हमारे लिए घरेलू मैदान है और पिछले कई वर्षों से वे जिस तरह से फैंस अपना समर्थन और प्यार दिखा रहे हैं, उसे देखते हुए हम उनके लिए भी ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेंगे।'