लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) के खिलाफ मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाड़ियों ने रविवार को अयोध्या स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और ऑलराउंडर श्रेयस गोपाल नजर आए। उनके साथ फ्रेंचाइजी के मालिक भी दिखे। बता दें कि, चेन्नई का सोमवार को लखनऊ से सामना होगा। यह मैच इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें सीएसके जीत की पटरी पर लौटने उतरेगी।
ऋतुराज बाहर हो चुके हैं
चेन्नई की टीम का सफर इस सीजन अच्छा नहीं रहा है। उन्हें लगातार पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट के कारण पूरे सत्र से बाहर हो गए। उनकी जगह महेंद्र सिंह धोनी टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। सीएसके फिलहाल 10वें पायदान पर है।
पहले भी बीच सत्र में कप्तान बदल चुकी सीएसके
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब सीएसके ने टीम की कमान किसी अन्य को सौंपी है। इससे पहले टीम ने आईपीएल 2024 की शुरुआत से ठीक पहले ऋतुराज को कप्तान बनाया था। धोनी और गायकवाड़ के अलावा सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा टीम की कमान संभाल चुके हैं। रैना धोनी की गैरमौजूदगी में कमान संभाल रहे थे, जबकि जडेजा को आईपीएल 2022 में टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले पूरी तरह से नया कप्तान बनाया गया था। हालांकि, टीम का प्रदर्शन उस सीजन बेहद खराब रहा था और आधे सीजन के बाद धोनी ने कप्तानी वापस ले ली थी और 2023 में अपनी कप्तानी में टीम को पांचवीं बार खिताब दिलाया था।