तीन जून को पहली बार बंगलूरू के लोगों ने इसे अनुभव किया। ‘ई साला कप नामदे (इस साल कप हमारा होगा) का नारा ‘ई साला कप नामदू (इस साल कप हमारा है) में बदल गया। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने एक्स पर लिखा, 'आपने कर्नाटक के हर व्यक्ति का सपना इस जीत से साकार कर दिया है। पूरी आरसीबी आर्मी के लिये यह भावुक पल। कर्नाटक को गर्व है।'
आरसीबी के पूर्व कप्तान और भारत के महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने लिखा, 'आरसीबी को बधाई। इतने लंबे इंतजार के बाद शानदार जीत।' सड़कों पर बाइक और कार पर लोग आरसीबी के बैनर और झंडे लेकर निकल पड़े। अब उन्हें इंतजार है अपने चैम्पियंस का । मानसून के मौसम में हरा भरा दिख रहा बंगलूरू अगले कुछ दिन लाल रंग में रंगा दिखेगा।
आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। 18 सत्र का इंतजार खत्म हो चुका है। आखिरकार विराट कोहली भी चैंपियन बन गए हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं।