फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2025: वेंकटेश अय्यर को क्यों नहीं बनाया गया कप्तान? KKR के सीईओ ने किया खुलासा, अजिंक्य रहाणे पर भी की बात

Thu, 13 Mar 2025 08:08 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

गत विजेता केकेआर ने मेगा नीलामी से पहले अपने कप्तान श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया था। इसके बाद से टीम को नए कप्तान की तलाश थी। तीन मार्च को फ्रेंचाइजी ने अजिंक्य रहाणे को टीम की कमान सौंपी और वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाने का एलान किया। यह फैसला क्रिकेट फैंस के लिए चौंकाने वाला था।
विज्ञापन
वेंकटेशन अय्यर और अजिंक्य रहाणे - फोटो : KolkataKnightRiders Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2025 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 22 मार्च से टूर्नामेंट का आगाज होगा। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सीईओ ने अजिंक्य रहाणे को कप्तान बनाए जाने के पीछे की वजह का खुलासा किया है। इस दौरान उन्होंने बताया कि वेंकटेश अय्यर को इस जिम्मेदारी से क्यों दूर रखा गया।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: IPL 2025: अजिंक्य रहाणे बने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान, इस ऑलराउंडर को मिला उपकप्तानी का जिम्मा
 

नीलामी से पहले श्रेयस अय्यर को किया था रिलीज
गत विजेता केकेआर ने मेगा नीलामी से पहले अपने कप्तान श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया था। इसके बाद से टीम को नए कप्तान की तलाश थी। तीन मार्च को फ्रेंचाइजी ने अजिंक्य रहाणे को टीम की कमान सौंपी और वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाने का एलान किया। यह फैसला क्रिकेट फैंस के लिए चौंकाने वाला था, सभी का अनुमान था कि श्रेयस के बाद वेंकटेश को कप्तान बनाया जा सकता था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 

वेंकटेश अय्यर को क्यों नहीं मिली कप्तानी?
इस संबंध में केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने खुलकर बात की। उन्होंने ईएसपीएनक्रिकइनफो से बात करते हुए कहा कि आईपीएल काफी रोमांचक टूर्नामेंट है। हम वेंकटेश अय्यर के बारे में बहुत अच्छा सोचते हैं, लेकिन साथ ही कप्तानी एक युवा खिलाड़ी के लिए बहुत कठिन है। उन्होंने कहा- हमने देखा है कि आगे बढ़ने के साथ-साथ बहुत से लोगों को इसमें बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए बहुत स्थिर हाथ की जरूरत होती है साथ ही बहुत परिपक्वता और अनुभव की आवश्यकता होती है। इसके लिए अजिंक्य रहाणे हमें सबसे अच्छे विकल्प लगे।

23.75 करोड़ में टीम ने वेंकटेश को खरीदा था
उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2021 में केकेआर में शामिल हुए वेंकटेश को पिछले साल की नीलामी से पहले टीम ने छोड़ दिया था लेकिन आरसीबी के साथ नीलामी में कड़ी टक्कर के बाद 23.75 करोड़ रुपये में वापस खरीद लिया गया। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने 51 आईपीएल मैच में 1,326 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने सभी आईपीएल मैच नाइट राइडर्स के लिए खेले हैं।

रहाणे के पास कप्तानी का अनुभव
रहाणे दो साल चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में बिताने में बाद केकेआर में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने टी20 खिलाड़ी के तौर पर खुद को साबित किया है। रहाणे ने 2022 सीजन में केकेआर के लिए सात मैच खेले और 133 रन बनाए। मुंबई के इस अनुभवी बल्लेबाज के पास आईपीएल में कप्तानी करने का भी अनुभव है। रहाणे ने 2018 और 2019 सीजन में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाली थी। रहाणे मुंबई रणजी टीम के कप्तान हैं और वह विराट कोहली की कप्तानी के दौरान भारतीय टीम के नियमित उपकप्तान भी रहे थे।

रहाणे पहले भी केकेआर के लिए खेल चुके हैं और फ्रेंचाइजी ने उन्हें मेगा नीलामी में उनके आधार मूल्य 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। रहाणे की अगुआई में भारतीय टीम ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उनकी अगुआई में हाल ही में संपन्न रणजी ट्रॉफी में मुंबई का सफर सेमीफाइनल तक पहुंचा था। केकेआर की टीम में कप्तानी के लिए बहुत ज्यादा विकल्प नहीं है। भारतीय खिलाड़ियों में से उन्हें रहाणे, वेंकटेश और रिंकू सिंह में से किसी एक को चुनना था।

ये भी पढ़ें: IPL 2025: मिचेल मार्श को मिली आईपीएल में खेलने की मंजूरी, सिर्फ बल्लेबाज की निभाएंगे भूमिका; लखनऊ को राहत
 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें