आईपीएल 2025 में सोमवार को मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद कोच महेला जयवर्धने ने जसप्रीत बुमराह को लेकर बयान दिया है। जयवर्धने ने कहा कि बुमराह हार से निराश हैं। वह वापसी पर टीम को जीतते हुए देखना चाहते थे। जयवर्धने ने यह भी कहा कि बुमराह वापसी पर सहज दिख रहे हैं और अच्छी गेंदबाजी भी कर रहे हैं।
बुमराह की वापसी पर खुश हैं जयवर्धने
जयवर्धने ने कहा कि उनके शामिल होने से टीम के आक्रमण को मजबूती मिली है। बुमराह ने पीठ की चोट के कारण इस साल जनवरी से कोई मैच नहीं खेला था। उन्होंने सोमवार को आरसीबी के खिलाफ मैच से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। भारतीय टीम के उनके साथी विराट कोहली ने मिडविकेट पर छक्का जड़कर उनका स्वागत किया, लेकिन इसके बाद उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। मुंबई की टीम यह मैच 12 रन से हार गई थी।
'बुमराह को मैच प्रैक्टिस देना चाहते थे'
जयवर्धने ने मैच के बाद कहा, 'मैंने मैच के बाद उनसे बात की और वह अच्छी स्थिति में दिख रहे हैं। वह निराश भी हैं, क्योंकि वह वापसी पर टीम को जीत दिलाना चाहते थे। उनकी गति अच्छी है और वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।' जयवर्धने ने बुमराह को देर से गेंदबाजी के लिए बुलाने के फैसले का भी बचाव किया। उन्होंने कहा, 'उनके आने से हमारे पास अधिक विकल्प हो गए हैं। हमारे पास दो स्विंग गेंदबाज हैं और हमें सबसे पहले उन्हें वह मौका देना होगा। बूम (बुमराह) तीन महीने बाद वापसी कर रहे हैं और हम उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का माहौल देना चाहते थे।'
'बुमराह ने अच्छी वापसी की'
जयवर्धने ने कहा, 'उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की और चीजों को बहुत अच्छी तरह से नियंत्रित किया। वह जितने अधिक मैच खेलेंगे उतना ही उनका प्रदर्शन बेहतर होता जाएगा। उन्होंने इससे पहले अपना आखिरी मैच टेस्ट क्रिकेट के रूप में खेला था और अब वह टी20 खेल रहे हैं। इसलिए हमें इसे समझने की जरूरत है, लेकिन उनका कौशल शानदार था।'
'आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा'
जयवर्धने बुमराह की प्रगति के साथ-साथ फिटनेस और फॉर्म के मामले में मौजूदा स्थिति को लेकर आश्वस्त दिखे। उन्होंने कहा, 'उनका पहला दिन था जहां उन्होंने पेशेवर मैच में गेंदबाजी की। बुमराह की गेंदबाजी कुछ ऐसी चीज है जिसकी हमारे पास पिछले कुछ मैचों में कमी थी। हमें उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा।'