आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का अब तक का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम आठ में से छह मैच गंवा चुकी है और अंक तालिका में आखिरी यानी 10वें स्थान पर है। हालांकि, कोच स्टीफन फ्लेमिंग अब भी इस सीजन टीम को लेकर आशावादी हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा है कि वह अगले साल के लिए सही टीम संयोजन चुनने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसके लिए फ्रेंचाइजी अभी से ही तैयारी शुरू कर देगी। पांच बार की चैंपियन चेन्नई को रविवार को मुंबई के खिलाफ नौ विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद कप्तान धोनी ने भी अगले साल के लिए टीम बनाने की बात कही थी।
'हमें हौसला बनाए रखना चाहिए'
अब फ्लेमिंग ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'जब आप अपने स्तर से नीचे खेल रहे हों तो प्रतियोगिता में बने रहने के लिए उत्साहित होना मुश्किल होता है, लेकिन हमें अपना हौसला बनाए रखना चाहिए।' उन्होंने कहा कि चेन्नई का थिंक-टैंक अपनी किस्मत बदलने के लिए अतीत के ऐसे अनुभवों से सीख लेगा। फ्लेमिंग का कहना है कि वह उसी तरह के बदलाव पर ध्यान देंगे जैसा 2022 के सत्र में नौवें स्थान पर रहने के बाद उन्होंने साल 2023 में किया था। साल 2022 में खराब प्रदर्शन के बाद टीम 2023 में चैंपियन बनी थी। 2022 में भी रवींद्र जडेजा ने बीच सत्र में कप्तानी छोड़ी थी और धोनी कप्तान बने थे और अगले सत्र में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था।
'टूर्नामेंट के दौरान कुछ बेकार नहीं जाएगा'
फ्लेमिंग ने कहा, 'इस टूर्नामेंट के दौरान कुछ भी बर्बाद नहीं जाएगा। हम उन टूर्नामेंटों पर नजर डालेंगे जिनके परिणाम हमारे अनुकूल नहीं रहे, लेकिन हमने उनको टूर्नामेंट के आखिर में जो काम किए उस पर फिर से अमल करने से वह हमें अगले साल जीत के लिए तैयार करेगा। अभी हम जिस स्थिति में हैं उसको लेकर यथार्थवादी हैं, लेकिन अगले साल के लिए खिलाड़ियों, अगले साल के लिए संयोजन की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और हम इसे एक अवसर के रूप में देखेंगे।'
'सीजन का अधिक से अधिक फायदा उठाएंगे'
फ्लेमिंग ने कहा, 'हम आखिर तक प्रतियोगिता में बने रहना चाहते हैं, लेकिन अगर ऐसा होता है कि हमारे (प्लेऑफ में) पहुंचने की कोई संभावना नहीं है, तो हम निश्चित रूप से इसका अधिक से अधिक फायदा उठाएंगे।' चेन्नई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 176 रन ही बना सकी। मुंबई ने रोहित शर्मा (नाबाद 76) और सूर्यकुमार यादव (नाबाद 68) के अर्धशतकों की मदद से आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।