वीडियो में धोनी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'कुछ लोगों के मुताबिक यह सबसे बेतुका टाइम-टेबल में से एक था, लेकिन वर्षों से इसने मेरी मदद की। आईपीएल शुरू होने से पांच-सात दिन पहले मैं इस तरह सोचना शुरू कर देता हूं और मैं अपना दिमाग उसी तरह से ट्रेनिंग करना शुरू कर देता हूं। हमारे पास प्लस पॉइंट था कि हम उस फ्लाइट को पकड़ने की कोशिश करते थे जो 12 बजे के बाद होती थी।'
धोनी ने कहा- मैं बहुत देर तक सोता था क्योंकि जब मैच होते हैं, तो 8 से 11-11.30 तक चलते हैं। पोस्ट मैच प्रेजेटेंशन के बाद कोई भी खिलाड़ी अपना किट बैग पैक करता है। फिर देर रात खाना होता है। जब तक आप होटल वापस पहुंचते हैं, तब तक लगभग रात के 1-1:15 बज चुके होते हैं। उसके बाद आपको होटल में अपना सामान पैक करना होता है, किट बैग को बाहर छोड़ देना होता है और जब तक आप यह सब करते हैं, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है, मान लीजिए कि लगभग रात के 2:30 बज चुके होते हैं।
लोगों के सोने का समय आमतौर पर रात में 10 से छह या 11 से सात बजे तक होता है, लेकिन धोनी के लिए यह सुबह तीन बजे से सुबह 11 बजे तक है क्योंकि आईपीएल मैच काफी देर तक चलता है। वह कहते हैं- इसलिए रात 10 से छह बजे या 11 से सात बजे तक सोने के बजाय, मैं सुबह तीन से सुबह 11 बजे तक सोता था। तो कम से कम आठ घंटे की नींद जो मुझे चाहिए, वह मुझे निश्चित रूप से मिल जाती है। मुझे रात में हमेशा अच्छी तरह से आराम करने दिया जाता था। आईपीएल सीजन खत्म होने के बाद कभी थकान महसूस नहीं होती थी।
42 साल की उम्र में भी धोनी की फिटनेस इस सीजन कमाल की रही है। उन्होंने छह पारियों में 91 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 260 का रहा है। वह आखिरी ओवर में आकर ताबड़तोड़ पारियां खेल रहे हैं। इसके अलावा वह विकेटकीपिंग भी कर रहे। धोनी ने पिछले सीजन के बाद घुटनों की सर्जरी कराई थी और इसके बाद से इस सीजन कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।