आईपीएल 2024 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की कोचिंग यूनिट में बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम के मौजूदा गेंदबाजी कोच डेल स्टेन को इस टूर्नामेंट में आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जेम्स फ्रैंकलिन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी यूनिट की कमान संभालने वाले डेल स्टेन ने निजी कारणों के चलते आगामी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लिया है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट फ्रैंकलिन को गेंदबाजी कोच नियुक्त कर सकता है।
विटोरी को मिल सकता है फ्रैंकलिन का साथ
2011 और 2012 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले फ्रैंकलिन आगामी टूर्नामेंट में मुख्य कोच डेनियल विटोरी के साथ एक बार फिर काम करते नजर आएंगे। इससे पहले ये जोड़ी मिडिलसेक्स (काउंटी क्रिकेट) और बर्मिंघम फीनिक्स (द हंड्रेड) में एक साथ काम कर चुकी है। फ्रेंकलिन ने डरहम में मुख्य कोच के रूप में भी काम किया था, और वर्तमान में पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड में सहायक कोच के रूप में कार्यरत हैं।
कप्तानी में भी हो सकता है बदलाव
आईपीएल 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होगी। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी में भी बड़ा बदलाव हो सकता है। टूर्नामेंट के 17वें संस्करण में एडन मार्करम की जगह ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। नीलामी के दौरान फ्रेंचाइजी ने उन्हें 20.5 करोड़ रुपए में टीम का हिस्सा बनाया था।
एडन मार्करम की अगुवाई में सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले दो सीजन खेले, लेकिन टीम को कोई सफलता हासिल नहीं हुई। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका 20 लीग में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने शानदार प्रदर्शन किया। हाल ही में टीम ने डर्बन सुपर जाएंट्स को 89 रन से मात देकर खिताब अपने नाम किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल में इस बार उनकी जगह ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
विश्व कप विजेता कप्तान को जिम्मेदारी मिलने की संभावना
आईपीएल में कमिंस का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। 42 मुकाबलों में उन्होंने 45 विकेट हासिल किए। इसके अलावा उन्होंने तीन अर्धशतकों की मदद से 379 रन बनाए। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमिंस का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत के खिलाफ उनकी अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे विश्व कप में जीत हासिल की, जिसने सनराइजर्स हैदराबाद के टीम मैनेजमेंट को काफी प्रभावित किया है। 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दिग्गज गेंदबाज ने 57 विकेट चटकाए।