कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच रविवार को खेले गए मैच के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब हर्षित राणा की गेंद पर विराट कोहली आउट करार दिए गए। केकेआर ने आरसीबी को जीत के लिए 223 रनों का लक्ष्य दिया था और बेंगलुरु के लिए विराट कोहली के साथ फाफ डुप्लेसिस पारी की शुरुआत करने आए थे। हर्षित ने स्लो फुलटॉस गेंद डाली और अपनी ही गेंद पर कोहली का कैच लपका। कोहली के आउट होने के लेकर काफी चर्चा हो रही है और यह मौजूदा आईपीएल सीजन का सबसे बड़ा विवाद बन गया है। अब भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने भी इसे लेकर अपनी राय रखी है।
क्या था पूरा मामला?
तीसरा ओवर करने आए हर्षित ने कमर के ऊपर से फुलटॉस गेंद डाली, लेकिन कोहली ने पहले ही बल्ले का मुंह मोड़ दिया और गेंद अंदरुनी किनारा लेकर सीधे हर्षित के हाथों में चली गई। अंपायर ने आउट दिया, लेकिन कोहली के अनुसार गेंद कमर के ऊपर थी तो उसे नो बॉल दिया जाना चाहिए था। कोहली ने तुरंत ही डीआरएस का सहारा लिया और थर्ड अंपायर ने हॉकआई नियम के अनुसार फैसला लिया। कैमरे में दिख रहा था कि कोहली क्रीज से बाहर खड़े थे और गेंद डीप रही थी इसलिए कोहली को आउट करार दिया गया। हालांकि कोहली अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे और उन्होंने खुलकर अपना गुस्सा जाहिर किया। अंत में आरसीबी यह मुकाबला एक रन से हार गई जो उसकी इस सीजन आठ मैचों में सातवीं हार है।
कोहली के समर्थन में आए सिद्धू
भारत के पूर्व खिलाड़ी और आईपीएल में कमेंट्री कर रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने इस मामले में कोहली का पुरजोर समर्थन किया है। सिद्धू ने यहां तक कि नो बॉल नियम में ही बदलाव की मांग कर डाली है। सिद्धू ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया और बताया कि किस तरह कोहली नॉटआउट थे। इस वीडियो में कोहली ने कहा, मैं ना सिर्फ कोहली के लिए बल्कि आरसीबी के लिए भी आहत हूं। जब आप लंबाई का नियम लेकर आएं हैं तो क्या आपने उस वक्त कोहली की लंबाई को देखा? इसके बाद आपने बीमर को भी अनदेखा कर दिया। सबसे महत्वपूर्ण बात जब गेंद कोहली के बल्ले पर लगी तो वह कमर से एक-डेढ़ फुट ऊपर थी और कोहली क्रीज के छह इंच बाहर थे। जब भी संदेह होता है तो उसका फायदा बल्लेबाज को दिया जाता है। मुझे लगता है कि नियम में बदलाव करने चाहिए। मैं फिर कह रहा हूं कोहली आउट नहीं थे।
हरभजन ने किया अंपायर के फैसले का समर्थन
भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कोहली के आउट होने को लेकर अंपायर के फैसले का समर्थन किया है। हरभजन ने कहा, जब कोहली आउट हुए तो गेंद ऊंची थी। यह गेंद धीमी थी और इस बात पर बहुत बहस हुई कि क्या उसे नो बॉल मानी जानी चाहिए क्योंकि गेंद कमर से ऊपर थी। इस वर्ष बीसीसीआई ने प्रत्येक खिलाड़ी की ऊंचाई मापी है और यदि गेंद कमर के ऊपर से गुजरती तो उसे नो बॉल दिया जाता और ऐसा नहीं होता तो निर्णय ही नहीं दिया जाता। जब हमने देखा तो गेंद काफी ऊंची लग रही थी, लेकिन कोहली क्रीज से बाहर थे। अगर गेंद तेजी से फेंकी जाती तो यह नो बॉल हो सकती थी, लेकिन गेंद डिप करने जा रही थो क्योंकि यह धीमी गेंद थी। नियम के अनुसार ही कोहली को आउट दिया गया।
इरफान और कैफ की अलग है राय
इस विवाद पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान और मोहम्मद कैफ ने भी अपनी राय रखी। इरफान ने सोशल मीडिया पर पहले उस गेंद को सही करार दिया, जबकि एक वीडियो पोस्ट में वह नियम भी समझाते नजर आए। दूसरी ओर, कैफ की राय इरफान से अलग थी और उन्होंने अंपायर के फैसले को गलत करार दिया। कैफ ने एक एक्स पर पोस्ट डाल लिखा, कोहली के आउट होने पर मेरी राय में यह एक गलत फैसला था। बल्ले से गेंद टच होने के समय गेंद कमर से ऊंची हो तो इसे नो बॉल माना जाना चाहिए। इसके अलावा मैं यह देख रहा हूं कि बॉल ट्रैकिंग में तेजी से गिरावट आ रही है।