आईपीएल 2024 का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। कप्तान ने विराट के साथ मिलाकर आरसीबी को अच्छी शुरुआत भी दिलाई थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े ही थे कि मुस्तफिजुर रहमान का कहर देखने को मिला। उन्होंने अपने शुरुआती दो ओवरों में दो-दो विकेट झटके और आरसीबी के शीर्षक्रम को तहस-नहस कर दिया।
मुस्तफिजुर रहमान
- फोटो : IPL
डुप्लेसिस और विराट ने पारी की तेज शुरुआत की थी। दोनों ने शुरुआती चार ओवर में 37 रन बना लिए थे। इसके बाद पांचवें ओवर में मुस्तफिजुर गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने ओवर की तीसरी ही गेंद डुप्लेसिस को रचिन रवींद्र के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में आठ चौके की मदद से 35 रन बना सके। इसके बाद इसी ओवर की छठी गेंद पर रजत पाटीदार (0) को विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच कराया। मुस्तफिजुर यहीं नहीं रुके। उन्होंने फिर पारी के 12वें ओवर में जाकर अपना दूसरा ओवर डाला। इस ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली को आउट किया। कोहली 20 गेंद में 21 रन बना सके। फिर चौथी गेंद पर कैमरन ग्रीन को क्लीन बोल्ड किया। ग्रीन 22 गेंद में 18 रन बना सके।
मुस्तफिजुर रहमान
- फोटो : IPL
मुस्तफिजुर पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले थे और सिर्फ दो मैच खेल पाए थे। इन दो मैचों में वह काफी महंगे साबित हुए थे। मुस्तफिजुर ने दो मैचों में 79 रन लुटाए थे और सिर्फ एक विकेट लिया था। हालांकि, इस आईपीएल की शुरुआत उन्होंने शानदार अंदाज में की और अपने शुरुआती दो ओवर यानी 12 गेंदों में ही चार विकेट झटके। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ इस मैच में चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट झटके। चेन्नई ने उन्हें इस सीजन के लिए ऑक्शन में उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में खरीदा था। आरसीबी की टीम पहली पारी में 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 173 रन बना सकी। जवाब में चेन्नई ने चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।