टी20 विश्व कप 2024 के लिए मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के फाइनल स्क्वॉड का एलान कर दिया गया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 15 खिलाड़ियों के साथ रिजर्व खिलाड़ियों को भी मौका दिया है। इस टीम में युवा बल्लेबाज जैक फ्रेजर-मैकगर्क और मैथ्यू शॉर्ट को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। बोर्ड ने चार मई को टीम की घोषणा कर दी थी। हालांकि, तब रिजर्व खिलाड़ियों के नाम का एलान नहीं किया गया था।
जून में शुरू होगा विश्व कप
टी20 विश्व कप की शुरुआत एक जून से वेस्टइंडीज-अमेरिका की सह-मेजबानी में हो रही है, जबकि फाइनल 29 जून को खेला जाएगा। आगामी टी20 विश्व कप के लिए सभी टीमों के फाइनल स्क्वॉड के एलान की आखिरी तारीख 25 मई है। इससे पहले सभी टीमें अपने स्क्वॉड में बदलाव कर सकती हैं। टी20 विश्व कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया की अगुवाई मिचेल मार्श करेंगे। वह पिछले 12 महीनों में बतौर कप्तान तीन टी20 सीरीज में टीम की अगुवाई कर चुके हैं। हैरानी की बात है कि स्टीव स्मिथ को टीम में मौका नहीं दिया गया है।
मैकगर्क का प्रदर्शन
बात करें आईपीएल में मैकगर्क के प्रदर्शन की तो उन्होंने इस सीजन ही डेब्यू किया था। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले गए नौ मैचों में उन्होंने 330 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 234.04 के स्ट्राइक रेट से चार अर्धशतक लगाए। मैकगर्क को अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला है।
टी20 विश्व कप 2024 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), एश्टन एगर, पैट कमिंस, टिम डेविड, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोयनिस, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), डेविड वॉर्नर, एडम जम्पा।
रिजर्व खिलाड़ी : जैक फ्रेजर-मैकगर्क, मैथ्यू शॉर्ट।