आईपीएल 2024 का रोमांच खिलाड़ियों और फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इस सीजन का 46वां मुकबला खेला गया। इस मैच में सीएसके ने कमिंस की टीम को 78 रनों से मात देकर अपनी पिछली हार का बदला ले लिया। चेन्नई इस जीत के साथ टॉप-3 में वापसी करने में कामयाब हुई। अब सोशल मीडिया पर एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी के होश उड़ा दिए हैं। दरअसल, एक फैन ने धोनी की वजह से अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप कर लिया।
धोनी के प्रति फैंस की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती है। फैंस उन्हें थाला के नाम से बुलाते हैं जिसका अर्थ होता है लीडर। धोनी की एक झलक पाने को फैंस बेताब रहते हैं। ऐसा ही एक फैन रविवार की शाम चेपॉक स्टेडियम पहुंचा। उसके हाथ में एक पोस्टर था जिसमें उसने अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप करने की बात लिख रखी थी। हैरानी की बात यह है कि उसने धोनी को इसकी वजह बताया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ चौंकाने वाला पोस्टर
चेपॉक पहुंचे इस फैन के हाथ में एक पोस्टर था, जिसमें लिखा था कि "अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप कर लिया, क्योंकि उसके नाम में सात अक्षर नहीं थे।" बता दें कि, धोनी की जर्सी का नंबर सात है। वहीं, उनका जन्मदिन भी सात जुलाई को आता है। ऐसे में फैन ने गर्लफ्रेंड के नाम में सात अक्षर नहीं होने की वजह से उससे ब्रेकअप कर लिया। इस फैन का यह पोस्टर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसपर अन्य यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
मैच का हाल
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपने होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम पर दमदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 78 रनों के बड़े अंतर से हराया। चेन्नई के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 54 गेंदों पर 98 रन की पारी खेली और डेरिल मिचेल के साथ शतकीय साझेदारी की जिसके दम पर चेन्नई ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 212 रन बनाए। जवाब में तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके और हैदराबाद की पारी 18.5 ओवर में 134 रन पर ही सिमट गई। हैदराबाद के लिए एडेन मार्करम 26 गेंदों पर 32 रन बनाकर सर्वोच्च स्कोरर रहे।