कोहली, जो कि आईपीएल के इस सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मैसेज के जरिये शुभमन को एक तरह से अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। कोहली ने लिखा- एक तरफ क्षमता होती है और फिर एक तरफ गिल हैं। आप आगे बढ़ें और अगली पीढ़ी का नेतृत्व करें। भगवान आपका भला करे। कोहली ने इस पोस्ट के जरिये शुभमन को अगली पीढ़ी के लिए एक रोल मॉडल बनने का प्रोत्साहन दिया है, जैसा कि उन्होंने खुद भारतीय टीम और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए कई वर्षों तक किया है।
शुभमन इस सीजन आईपीएल में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 13 मैचों में 48 की औसत और 146.19 के स्ट्राइक रेट से 576 रन बनाए हैं। इस दौरान शुभमन ने एक शतक और चार अर्धशतक लगाया है। ओवरऑल आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 87 मैचों में 34.87 की औसत और 129.57 के स्ट्राइक रेट से 2476 रन बनाए हैं। भारत के लिए शुभमन ने 15 टेस्ट, 24 वनडे और छह टी20 खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 34.23 की औसत से 890 रन, वनडे में 65.55 की औसत से 1311 रन और टी20 में 40.4 की औसत से 202 रन बनाए हैं। उनके नाम तीनों फॉर्मेट में शतक हैं। वनडे में शुभमन दोहरा शतक भी लगा चुके हैं।
आईपीएल 2023 में सोमवार को गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 34 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही गुजरात प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। गुजरात के पास 13 मैच के बाद 18 अंक हैं। यह टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है। वहीं, हार के साथ हैदराबाद के लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो गए हैं। इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 188 रन बनाए थे। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम नौ विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
गुजरात के लिए बल्ले के साथ शुभमन गिल ने 101 रन बनाए। वहीं, साई सुदर्शन ने 47 रन की पारी खेली। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने पांच विकेट लिए। मार्को यानसेन, फजलहक फारुकी और टी नटराजन को एक-एक विकेट मिला। हैदराबाद के लिए क्लासेन ने 64 और भुवनेश्वर कुमार ने 27 रन बनाए। वहीं, गुजरात के लिए शमी और मोहित शर्मा ने चार-चार विकेट लिए।