दरअसल, मुंबई इंडियंस की टीम अपने अगले मैच के लिए लखनऊ पहुंची है। इकाना स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन के दौरान अर्जुन लखनऊ के खिलाड़ियों से मिलने पहुंचते हैं। वीडियो को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- मुंबई से आया मेरा दोस्त। अर्जुन इकाना में युद्धवीर चरक से गले मिलते हैं। इस दौरान युद्धवीर पूछते हैं- और सब बढ़िया? आप ठीक हैं? इस पर अर्जुन कहते हैं- हां बस कुत्ते ने काट लिया है और फिर वह अपना बायां हाथ दिखाते हैं। इस पर युद्धवीर पूछते हैं-कब? जवाब में अर्जुन कहते हैं- एक दिन पहले। इसके बाद अर्जुन मोहसिन खान से मिलते हैं। तीनों ही तेज गेंदबाज हैं। अर्जुन और मोहसिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जबकि युद्धवीर दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
रोहित शर्मा और अर्जुन तेंदुलकर
- फोटो : IPL/BCCI
अर्जुन बताते हैं कि कुत्ते के काटने से उनकी बॉलिंग आर्म की अंगुलियों में घाव है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना की वजह से अर्जुन को आराम दिया गया है। अर्जुन ने 25 अप्रैल के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। उन्होंने इसी साल आईपीएल में डेब्यू किया था। 16 अप्रैल को अर्जुन ने मुंबई की ओर से डेब्यू करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दो ओवर गेंदबाजी की थी और 17 रन खर्च किए थे।
इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ (18 अप्रैल) मैच में उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को आउट कर आईपीएल का पहला विकेट झटका था। पंजाब के खिलाफ भी अर्जुन ने एक विकेट लिया था। उन्होंने प्रभसिमरन को पवेलियन भेजा था। इसके बाद गुजरात के खिलाफ (25 अप्रैल) अर्जुन ने दो ओवर में नौ रन देकर ऋद्धिमान साहा का विकेट लिया था। कुल मिलाकर अर्जुन ने अब तक आईपीएल में चार मैचों में तीन विकेट लिए हैं।
मुंबई की टीम ने अब तक 12 मैच खेले हैं। इसमें से सात मैच जीते और पांच मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम के 14 अंक हैं। 16 मई को मुंबई का सामना लखनऊ से है। अगर रोहित की पलटन यह मैच जीतती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और टीम लगभग प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लेगी। उसका आखिरी मैच खराब फॉर्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के खिलाफ है।