आईपीएल में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के बाद और न्यूजीलैंड में टी-20 सीरीज से पहले उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में कुछ तकनीकी बदलाव किए जिसका फायदा मिला। गिल को 2022 में टी-20 विश्वकप के लिए नहीं चुना गया था। कोच राहुल द्रविड़ की टीम में रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली पहले तीन क्रम के बल्लेबाज रहे।
आईपीएल से पहले स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना झेलने वाले शुभमन गिल ने आईपीएल के 16वें सत्र में तीन शतक समेत 851 रन बनाकर 'ऑरेंज कैप' हासिल कर ली है। उनके 60 गेंद में 129 रन की मदद से गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 62 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। गिल ने कहा, ''पिछले वेस्टइंडीज दौरे (2022) के बाद से मैंने कुछ बदलाव किया है। मैं पिछले आईपीएल से पूर्व घायल हो गया था लेकिन अपने खेल पर काम कर रहा था। मैंने कुछ पहलुओं पर काम किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले तकनीकी बदलाव किए।''
सोच साफ हो तो रन खुद ब खुद बनेंगे: हरभजन
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा, शुभमन गिल की बल्लेबाजी ने एक बात साबित कर दी कि अगर आपके बेसिक्स सही हो, सोच साफ हो तो रन खुद ब खुद बनेंगे। विराट कोहली और गिल ने साबित कर दिया कि रन बनाने के लिए लप्पे लगाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ''ये दोनों अलग-अलग पीढी के बल्लेबाज हैं लेकिन दोनों के बल्लों से रन खूब निकले हैं। यह साफ सोच और बेसिक्स सही रखने से ही होता है।''