विज्ञप्ति में बिजली विभाग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 30.46 लाख रुपए की बिजली चोरी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि फार्म हाउस के मालिकों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है। बिल और जुर्माना न भरने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र के पालघर जिले में शनिवार को 3.3-3.5 तीव्रता के हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक अधिकारी ने कहा कि 3.3 तीव्रता का पहला झटका शाम 5.15 बजे दर्ज किया गया था। जबकि, 3.5 तीव्रता का दूसरा झटका 15 मिनट से भी कम समय बाद शाम 5.28 बजे आया। भूकंप का केंद्र जिले के तलासरी इलाके में क्रमश: 8 किमी और 5 किमी की गहराई में था। भूकंप के कारण अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।
विदेशी महिला के साथ-साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को सजा
मुंबई घूमने आई पेरू की महिला के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में कोर्ट ने मनचले को दो साल के कारावास की सजा सुनाई है। बायकुला पुलिस ने बताया कि इसी साल मार्च में पेरू की एक 38 साल की महिला अकेले भारत घूमने आई थी। वह मुंबई के एक गेस्ट हाउस में रुकी थी। यहां 19 साल का आरोपी भी काम करता था। इस दौरान उसने महिला के साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई। सेल्फी लेते वक्त आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसके बाद थाने में केस दर्ज कराया और कोर्ट ने आरोपी को दो साल की जेल और पांच हजार के जुर्माने की सजा सुनाई है।
ठाणे पुलिस ने ठग को पकड़ा
ठाणे पुलिस ने सस्ते सोना बेचने का झांसा देकर पैसा लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। ठाणे पुलिस के निरीक्षक आनंद रौराने ने बताया कि भायखला के रहने वाले आरोपी सस्ते दाम में सोना बेचने का दावा करता था। इसके बाद जब लोग उसके झांसे में आकर पैसा लेकर आते थे तब आरोपी उन पैसों को लूट लेता था। आरोपी ने एक आदमी को चाकू दिखाकर एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये लूट लिए थे। अधिकारी ने कहा कि गिरोह के अन्य व्यक्तियों को पकड़ने के लिए तलाश की जा रही है।
नाइजीरियाई व्यक्ति को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार को एक 40 साल के नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। विदेशी नागरिक के पास से पुलिस ने मेफेड्रोन जब्त किया है, जिसकी कीमत 22 लाख रुपए आंकी गई है। टीम ने बताया कि माहिम रेलवे स्टेशन के पास नाइजीरियाई व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा था, उससे पूछताछ करने गए तो वह भागने लग गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सबस्टेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।