आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस को पहली जीत मिल चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में कप्तान रोहित शर्मा और तिलक वर्मा ने शानदार साझेदारी कर अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार अर्धशतकीय साझेदारी हुई। इस मैच के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि वह रोहित के साथ खेलना चाहते थे। वहीं, पावरप्ले में तेजी से रन बनाने वाले रोहित ने कहा कि वह शुरुआती छह ओवर का पूरा इस्तेमाल करना चाहते थे।
मैं पावरप्ले का फायदा उठाना चाहता था: रोहित
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि मैं मैच के दौरान पावरप्ले का पूरा फायदा उठाना चाहता था। मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर इस सत्र की पहली जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि मैं पावरप्ले का पूरा उपयोग करना चाहता था क्योंकि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, लक्ष्य कठिन होता जाएगा। हमने साझेदारी बनाने की कोशिश की और तिलक को इसी इरादे से बल्लेबाजी करते देखना अच्छा लगा। हम हमेशा से जानते थे कि नए बल्लेबाजों के लिए आकर खेलना मुश्किल होगा।
रोहित के साथ बल्लेबाजी करना चाहता था: तिलक वर्मा
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत के बाद मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने कहा कि मैं लंबे समय से रोहित शर्मा के साथ बल्लेबाजी करना चाहता था और अब मुझे यह मौका मिला। उन्होंने कहा कि रोहित के साथ बल्लेबाजी करने में मजा आता है। मैच के बाद रोहित ने तिलक का साक्षात्कार लिया था। तिलक ने इस मैच में 29 गेंद में 41 रन बनाए थे और रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की थी।