अंक तालिका का हाल
इस जीत के साथ लखनऊ की टीम 12 मैचों में छह जीत और पांच हार के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उसके 13 अंक हैं। चेन्नई के खिलाफ एक मैच बारिश से धुल गया था। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के 11 मैचों में आठ अंक हैं। इस टीम के लिए प्लेऑफ का रास्ता अब बेहद मुश्किल हो गया है। उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। हैदराबाद ने 11 मैचों में से चार जीते हैं, जबकि सात में हार का सामना करना पड़ा है। लखनऊ के अगले दो मैच 16 मई को मुंबई के खिलाफ इकाना में और 20 मई को कोलकाता के खिलाफ ईडन गार्डन्स में है। वहीं, हैदराबाद 15 मई को गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी।
16वें ओवर में लखनऊ ने पलटा मैच
एक वक्त हैदराबाद ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। रन चेज करते हुए 15 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 114 रन था। तब मार्कस स्टोइनिस और प्रेरक मांकड़ क्रीज पर थे। 30 गेंदों में एलएसजी को 69 रन की जरूरत थी। 16वें ओवर में अभिषेक शर्मा गेंदबाजी के लिए आए और यहीं से मैच पलट गया।
इस ओवर में अभिषेक ने पांच छक्के लुटाए और एक वाइड भी दिया यानी कुल 31 रन दिए। 114 के बाद 16 ओवर की समाप्ती पर लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 145 रन हो गया। इसके बाद लखनऊ को 24 गेंदों में जीत के लिए 38 रन चाहिए था, जो कि टी20 में एक आसान समीकरण है। लखनऊ ने अभिषेक के ओवर में स्टोइनिस का विकेट जरूर गंवाया, लेकिन पूरन ने मैदान में आते ही लगातार तीन छक्के लगाए। लखनऊ ने चार गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया।
हेनरिच क्लासेन और अब्दुल समद
- फोटो : IPL/BCCI
लखनऊ की पारी
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम को काइल मेयर्स के रूप में पहला झटका लगा। मेयर्स 14 गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और प्रेरक मांकड़ ने दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी निभाई। डिकॉक 19 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रेरक ने मार्कस स्टोइनिस के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 73 रन की साझेदारी निभाई।
स्टोइनिस 25 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच प्रेरक ने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने पूरन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए नाबाद 58 रन की साझेदारी निभाई। प्रेरक 45 गेंदों में सात चौके और दो छक्के की मदद से 64 रन और पूरन 13 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद की ओर से ग्लेन फिलिप्स, मयंक मार्कंडे और अभिषेक शर्मा को एक-एक विकेट मिला।