आईपीएल 2023 का शानदार आगाज हो चुका है। लगभग दो महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 10 टीमें ट्रॉफी के लिए जोर आजमाइश करेंगी। इसकी शुरुआत चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले से हो चुकी है। आने वाले दो महीनों में क्रिकेट फैंस का भरपूर मनोरंजन होना तय है, लेकिन इससे पहले आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी में भी फैंस का भरपूर मनोरंजन हुआ।
ओपनिंग सेरेमनी में पहले अरिजीत सिंह ने अपने गानों से सभी का दिल जीत लिया। अरिजीत की आवाज पर गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या, चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और बीसीसीआई अधिकारी आशीष सेलार भी झूमने लगे। इसके बाद तमन्ना भाटिया और रस्मिका मंदाना ने ग्लैमर का तड़का लगाया। अंत में लेजर शो ने मैदान में मौजूद हर दर्शक को रोमांचित कर दिया।
शानदार लेजर शो के जरिए आईपीएल 2023 की ट्रॉफी और आईपीएल का लोगो भी आसमान में दिखाया गया। यह देख मैदान में मौजूद हजारों दर्शक हैरान रह गए। इसका वीडियो भी आईपीएल के ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया गया है। इस लेजर शो में गेंदबाज को गेंदबाजी करते हुए और बल्लेबाज को शॉट लगाते हुए भी दिखाया गया।
ओपनिंग सेरमनी में अरिजीत, तमन्ना और रश्मिका ने किया परफॉर्म
आईपीएल 2023 की ओपनिंग सेरेमनी शानदार रही। अरिजीत सिंह, तमन्ना भाटिया और रश्मिका मंदाना ने अपनी परफॉर्मेंस से फैंस का भरपूर मनोरंजन किया। ओपनिंग सेरेमनी के बाद चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने मंच पर आए। दोनों कप्तानों ने बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी, सचिव जय शाह, रश्मिका मंदाना, तमन्ना भाटिया और अरिजीत सिंह के साथ आईपीएल 2023 की ट्रॉफी के सामने पोज किया।
ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत अरिजीत सिंह की शानदार परफॉर्मेंस के साथ हुई। उन्होंने राजी फिल्म के गाने 'ऐ वतन मेरे वतन' गाने से समा बांध दिया। इसके बाद उन्होंने 1983 फिल्म के गाने 'लहरा दो' और ब्रम्हास्त्र के गाने 'केसरिया तेरा इश्क है पिया' से सभी फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने चन्ना मेरे, कबीरा, अपना बना ले पिया, तुझे कितना चाहने लगे हम, झूमे जो पठान, शिवा, हां मैं गलत, प्यार होता कई बार है, तेरे प्यार में, घुंघरू टूट गए, राबता, इलाही, हवाएं, देवा-देवा, इंडिया जीतेगा गाना भी गाया।
तमन्ना भाटिया ने तेलगू फिल्म एनिमी के गाने टम टम पर परफॉर्म किया। इसके बाद उन्होंने डिजायर, ऊ अंटावां गाने पर भी परफॉर्म किया। तमन्ना भाटिया ने गुजरात टाइटंस की टीम के लिए परफॉर्मेंस दी। रश्मिका मंदाना ने दक्षिण भारतीय फिल्म के गाने पर चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए परफॉर्म किया। इसके बाद उन्होंने श्रीवल्ली, नाटू नाटू गाने पर भी अपनी परफॉर्मेंस दी।