राहुल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, "सभी लोगों को हाइ! मेरी अभी-अभी सर्जरी हुई है। यह सफल रही। उस दौरान मैं सहज रह सकूं, यह सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को बहुत-बहुत धन्यवाद। सब कुछ सुचारू रूप से चला।'' उनके पोस्ट पर सूर्यकुमार यादव और सुनील शेट्टी ने भी कमेंट किया है।
लंदन के ओवल मैदान में सात से 12 जून तक होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम में राहुल की जगह ईशान किशन को शामिल किया गया है। हालांकि, लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान का कहना है कि वह मैदान पर लौटने के लिए दृढ़ हैं। उन्होंने कहा- मैं अब ठीक होने की राह पर हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने और मैदान पर वापस आने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं।
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलने वाले राहुल इस साल के अंत में एशिया कप और भारत में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए समय पर फिट होने और भारतीय टीम में वापसी करने की कोशिश करेंगे। केएल राहुल के अलावा ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह भी चोटिल हैं। पंत के विश्व कप से पहले तक फिट होने की संभावना कम है। वहीं, बुमराह ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी में फिर से प्रैक्टिस शुरू कर दी है।