33 साल के बेयरस्टो ने यॉर्कशायर सेकंड इलेवन टीम से खेलते हुए नॉटिंघमशायर के खिलाफ 88 गेंदों में 13 चौके और दो छक्के की मदद से 97 रन बनाए। इसकी बदौलत उनकी टीम ने चार दिवसीय मैच में पहले दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट गंवाकर 437 रन बना लिए हैं। यॉर्कशायर सेकंड इलेवन टीम के कोच टॉम स्मिथ ने कहा कि जब उन्होंने हिट करना शुरू किया तो लगा ही नहीं कि वह कभी मैदान से बाहर थे। उनके लेट कट, ड्राइव और जिस तरह से उन्होंने स्पिनर्स को खेला, यह दिखाता है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के बल्लेबाज हैं।
दरअसल, इंग्लैंड को जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज खेलनी है। इससे पहले बेयरस्टो का वापस आना इंग्लिश टीम के लिए शुभ समाचार है। ऐसे में अगले हफ्ते बेयरस्टो को यॉर्कशायर के फर्स्ट इलेवन में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा वह जून में आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच भी खेल सकते हैं। एशेज सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद इंग्लैंड में ही खेला जाना है। ब्रैंडन मैकुलम के कोच बनने के बाद से चोटिल होने तक बेयरस्टो शानदार फॉर्म में रहे थे और उन्होंने छह शतक जड़े थे।
हालांकि, बेयरस्टो के आईपीएल न खेलने से पंजाब किंग्स को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। बेयरस्टो अब इस सीजन यह लीग नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि पंजाब ने उनका रिप्लेसमेंट भी बुला लिया है। पंजाब ने मैथ्यू शॉर्ट को बेयरस्टो का रिप्लेसमेंट बनाया था। ऐसे में बेयरस्टो अब टीम में वापसी नहीं कर सकते। उनकी टीम पंजाब अब तक सात में में से चार मैच जीतकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है।