आईपीएल 2023 के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभी 10 टीमों ने अगले सीजन के लिए रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। सबसे ज्यादा खिलाड़ी कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज किए हैं। इस फ्रेंचाइजी ने 16 खिलाड़ियों को रिलीज किया। वहीं, मुंबई इंडियंस ने 13 और सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 खिलाड़ियों को रिलीज किया।
हैदराबाद ने जिन खिलाड़ियों को रिलीज किया उनमें कप्तान केन विलियम्सन और निकोलस पूरन जैसे स्टार्स शामिल हैं। मिनी ऑक्शन में पर्स में सबसे ज्यादा रकम के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ही उतरेगी। खिलाड़ियों को रिलीज करने के बाद उसके पास 42.25 करोड़ रुपये शेष हैं। ऐसे में उनकी नजर मिनी ऑक्शन में कुछ अच्छे खिलाड़ियों को खरीदने पर होगी।
आकाश चोपड़ा
- फोटो : सोशल मीडिया
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना सनराइजर्स मिनी ऑक्शन में मयंक अग्रवाल और बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ियों को खरीदने पर ध्यान केंद्रित कर सकता है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- हैदराबाद के पास 42 करोड़ रुपये से भी ज्यादा पैसे बचे हैं। इतने पैसे का फ्रेंचाइजी क्या करेगी? उन्होंने पूरी टीम ही बदल दी। उनके पास फिलहाल 12 खिलाड़ी हैं, जिसमें से छह तेज गेंदबाज हैं। इनमें भुवनेश्वर कुमार, फजलहक फारूकी, कार्तिक त्यागी, मार्को यानसेन, उमरान मलिक और टी नटराजन शामिल हैं। इसका मतलब यह है कि वह तेज गेंदबाजों को नहीं खरीदेंगे।
आकाश ने कहा- मुझे लगता है कि वह मयंक अग्रवाल को खरीदने की कोशिश करेंगे। साथ ही मनीष पांडेय को भी टीम में लाना चाहेंगे। बेन स्टोक्स पर भी उनकी नजर होगी और वह अच्छी रकम में खरीद सकते हैं। उनके पास काफी पैसा है और उन्हें अब गेंदबाजों की जरूरत नहीं है। आकाश को लगता है कि विलियम्सन की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार या एडेन मार्करम को टीम का कप्तान बनाया जा सकता है।
एडेन मार्करम और भुवनेश्वर कुमार
- फोटो : सोशल मीडिया
आकाश ने कहा- हैदराबाद को अब बैटर और कप्तान की खरीदारी करनी है। क्या वह भुवनेश्वर को कप्तानी दे सकते हैं? यह देखने वाली बात होगी। यह संभव है कि भुवनेश्वर या मार्करम में से कोई एक टीम का कप्तान बने। मैं मौजूदा टीम में से किसी तीसरे कप्तान के बारे में नहीं सोच पा रहा हूं।
वहीं, दूसरे फ्रेंचाइजी की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के साथ 11 साल का साथ छोड़ दिया। वहीं, पंजाब किंग्स ने भी पूर्व कप्तान मयंक अग्रवाल और ओडियन स्मिथ को रिलीज कर दिया। कोलकाता ने पैट कमिंस, सैम बिलिंग्स, शिवम मावी और अंजिक्य रहाणे को रिलीज कर दिया। वहीं, लखनऊ ने जेसन होल्डर और मनीष पांडेय को रिलीज कर दिया।