वीडियो में अर्जुन कुछ ऐसा कर रहे हैं, जैसा कोई छोटा बच्चा कर रहा हो। मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए उनके इस बचकाना हरकत पर फैंस खूब मजे ले रहे हैं। इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। कुछ फैंस ने लिखा कि शायद अर्जुन को भूख लगी है, वहीं कुछ ने लिखा कि और भाई! स्वाद आ गया।
अर्जुन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ डेब्यू किया था। भुवनेश्वर कुमार को आउट कर अर्जुन ने आईपीएल करियर का अपना पहला विकेट झटका था। इसके बाद उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ एक विकेट लिया। तब उन्होंने प्रभसिमरन सिंह को पवेलियन भेजा था। हालांकि, इस मैच में वह इस सीजन का सबसे महंगा ओवर भी फेंक गए थे। पंजाब के खिलाफ अर्जुन ने एक ओवर में 31 रन दिए थे। इसके बाद गुजरात के खिलाफ अर्जुन ने ऋद्धिमान साहा को पवेलियन भेजा था।
मुंबई इंडियंस के लिए अब तक यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने अब तक सात मुकाबले खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है। वहीं, चार में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई का अलगा मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 अप्रैल को है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।