आईपीएल 2022 में दो नई टीमों के जुड़ने से बहुत कुछ बदल रहा है। सबसे अमीर टी20 लीगों में से एक में न केवल स्टार खिलाड़ियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि कोचिंग स्टाफ में दिग्गजों भी बढ़ेंगे। इस बार महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली और केन विलियमसन जैसे स्टार खिलाड़ी मैदान पर दिखेंगे। वहीं, मैदान से बाहर उनके लिए योजना बनाते हुए सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, अनिल कुंबले, रिकी पोंटिंग और स्टीफेन फ्लेमिंग जैसे महान खिलाड़ी दिखाई देंगे।
आइए जानते हैं किस टीम के कोचिंग स्टाफ में कौन-से पूर्व स्टार खिलाड़ी शामिल हैं:
महेला जयवर्धने और जहीर खान
- फोटो : सोशल मीडिया
मुंबई इंडियंस: सबसे ज्यादा पांच बार खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने कोचिंग स्टाफ में तीन बड़े दिग्गजों को शामिल किया है। इनमें मुख्य कोच महेला जयवर्धने, सलाहकार सचिन तेंदुलकर और जहीर खान प्रमुख हैं। जहीर और जयवर्धने आईपीएल नीलामी के दौरान टेबल पर नजर आते हैं। वहीं, तेंदुलकर मैचों के दौरान डगआउट में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आते हैं।
गौतम गंभीर
- फोटो : सोशल मीडिया
लखनऊ सुपर जाएंट्स: पहली बार आईपीएल में शामिल होने वाली लखनऊ फ्रेंचाइजी ने जिम्बाब्वे के महानतम खिलाड़ी एंडी फ्लावर को मुख्य कोच बनाया है। कोचिंग स्टाफ में उनके साथ भारत के स्टार ओपनर रहे गौतम गंभीर भी दिखाई देंगे। वे टीम के मेंटर बने हैं। पूर्व क्रिकेटर विजय दहिया टीम के सहायक कोच होंगे।
संजय बांगर
- फोटो : सोशल मीडिया
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: अब तक एक बार भी आईपीएल नहीं जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स की टीम हर साल अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करने के लिए जानी जाती है। इस बार उसने भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर को मुख्य कोच बनाया है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के साइमन कैटिच टीम के मुख्य कोच थे। बांगर के अलावा न्यूजीलैंड के माइक हेसन टीम के डायरेक्टर हैं।
मुथैया मुरलीधरन
- फोटो : सोशल मीडिया
सनराइजर्स हैदराबाद: 2016 में चैंपियन बनने वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने इस बार ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी को क्रिकेट डायरेक्टर के अलावा मुख्य कोच भी बनाया है। साइमन कैटिच सहायक कोच होंगे। महानतम खिलाड़ियों में शुमार किए जाने वाले वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा को टीम ने बल्लेबाजी कोच बनाया है। दक्षिण अफ्रीका के खतरनाक तेज गेंदबाज रहे डेल स्टेन इस बार गेंदबाजी कोच होंगे। भारत के पूर्व क्रिकेटर हेमांग बदानी को टीम ने फील्डिंग कोच बनाया है।
ब्रैंडन मैकुलम और अभिषेक नायर
- फोटो : सोशल मीडिया
कोलकाता नाइटराइडर्स: दो बार आईपीएल जीतने वाली टीम कोलकाता नाइटराइडर्स ने न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी रहे ब्रैंडन मैकुलम को मुख्य कोच के तौर पर बरकरार रखा है। उनकी कोचिंग में टीम पिछले सीजन में फाइनल तक पहुंची थी। भारत के पूर्व क्रिकेटर अभिषेक नायर टीम के सहायक कोच हैं। फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया के डेविड हसी को मेंटर, भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण को गेंदबाजी कोच, भारत के ओमकार साल्वी के सहायक गेंदबाजी कोच और इंग्लैंड के जेम्स फोस्टर को फील्डिंग कोच बनाया है।
कुमार संगकारा
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान रॉयल्स: श्रीलंका के महानतम खिलाड़ियों में एक कुमार संगकारा टीम के क्रिकेट डायरेक्टर होने के साथ-साथ मुख्य कोच की भी भूमिका इस बार निभाएंगे। जिम्बाब्वे के ट्रेवर पैनी सहायक कोच, भारत के अमोल मजूमदार बल्लेबाजी कोच, साईराज बहुतुले स्पिन गेंदबाजी कोच हैं। दिशांत याज्ञनिक फील्डिंग कोच और रॉब कासेल तेज गेंदबाजी कोच हैं।
रिकी पोंटिंग और मोहम्मद कैफ
- फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली कैपिटल्स: ऑस्ट्रेलिया को दो बार वर्ल्ड कप जिताने वाले दुनिया के महानतम कप्तानों में एक रिकी पोंटिंग टीम के मुख्य कोच हैं। अजय रात्रा सहायक कोच, प्रवीण आमरे बल्लेबाजी कोच, जेम्स होप्स गेंदबाजी और मोहम्मद कैफ सहायक कोच हैं। टीम पिछले तीन सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची है। 2020 के फाइनल में उसे मुंबई इंडियंस ने हराया था।
कोच स्टीफेन फ्लेमिंग के साथ महेंद्र सिंह धोनी
- फोटो : सोशल मीडिया
चेन्नई सुपरकिंग्स: आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच स्टीफेन फ्लेमिंग हैं। वे लंबे समय से टीम के साथ जुड़े हुए हैं। पहले सीजन में फ्लेमिंग बतौर कप्तान खेले थे। उसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें कोच बना दिया था। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी टीम के बल्लेबाजी कोच, भारत के लक्ष्मीपति बालाजी गेंदबाजी कोच, दक्षिण अफ्रीका के एरिक सिमंस गेंदबाजी सलाहकार और भारत के राजीव कुमार फील्डिंग कोच हैं।
आशीष नेहरा और गैरी कर्स्टन
- फोटो : सोशल मीडिया
अहमदाबाद: आईपीएल की दूसरी नई टीम अहमदाबाद फ्रेंचाइजी ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को गेंदबाजी कोच बनाया है। भारत को 2011 में वर्ल्ड कप जिताने वाले गैरी कर्स्टन टीम के मेंटर होंगे। इंग्लैंड के विक्रम सोलंकी को फ्रेंचाइजी ने क्रिकेट डायरेक्टर के अलावा बल्लेबाजी कोच भी बनाया है।
वसीम जाफर और अनिल कुंबले
- फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब किंग्स: अब तक एक बार भी आईपीएल नहीं जीतने वाली टीम पंजाब किंग्स के कोच भारत के महानतम स्पिनर अनिल कुंबले हैं। कुंबले इससे पहले भारतीय टीम को भी कोचिंग दे चुके हैं। भारत के पूर्व ओपनर वसीम जाफर टीम के बल्लेबाजी कोच, ऑस्ट्रेलिया के लिए डेमियन राइट गेंदबाजी कोच और दक्षिण अफ्रीका के जॉन्टी रोड्स फील्डिंग कोच हैं।