साल 2020 में दिल्ली की टीम की कप्तानी करने वाले श्रेयस अय्यर को मेगा ऑक्शन में 12.25 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने खरीदा है। अय्यर ने अपनी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में पहुंचाया था। साल 2021 में अय्यर सिर्फ दूसरे हाफ में ही खेल सके थे। और आठ मैचों में 175 रन बनाए थे। मेगा ऑक्शन से ठीक पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 80 रन की पारी खेली है और नीलामी में उन्हें इसका फायदा भी मिला। अय्यर का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था।
क्या होते हैं मार्की खिलाड़ी ?
मार्की खिलाड़ी वह खिलाड़ी होते हैं, जिन पर ऑक्शन के दौरान सबसे पहले बोली लगाई जाती है। ये खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होते हैं और अधिकतर टीमें इन्हें खरीदना चाहती हैं। आमतौर पर ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी बड़ा नाम बना चुके होते हैं। आमतौर पर मार्की खिलाड़ियों के ऊपर बड़ी बोली लगती है और नीलामी का सबसे महंगा खिलाड़ी भी इन्हीं में से कोई एक होता है।
आईपीएल में कैसा रहा है श्रेयस का प्रदर्शन
श्रेयस 2015 से आईपीएल खेल रहे हैं। उन्होंने 87 आईपीएल मैचों में 31.66 के औसत से 2375 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 123.95 का रहा है। आईपीएल में उनका सबसे बड़ा स्कोर 96 रन है और वह 16 अर्धशतक लगा चुके हैं। अय्यर जरूरत पड़ने पर टिककर बल्लेबाजी कर सकते हैं और बाद में तेजी से रन बना सकते हैं। इसी वजह से सभी टीमें उन्हें अपने साथ जोड़ना चाहेंगी।
अय्यर अब तक आईपीएल में दिल्ली की टीम के साथ जुड़े हुए थे। उन्होंने अपनी टीम के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं।